CDLU SIRSA में CM नायब सिंह सैनी ने मैसिव प्लांटेशन ड्राइव और हरा भरा सिरसा 2.0 के तहत किया पौधारोपण
Mahendra india news, new delhi
चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय के प्रांगण में वीरवार को मैसिव प्लांटेशन ड्राइव और हरा भरा सिरसा 2.0 के तहत मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की विशेष उपस्थिति में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष पुनीश जिंदिया और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं सचिव संतोष बागोतिया, जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के अधिकारी, चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी सिरसा के वाइस चांसलर एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष बागोतिया ने बताया कि हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के मार्गदर्शन में विशाल पौधारोपण अभियान तथा हरा-भरा सिरसा मुहिम चलाई जा रही है। पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिक तंत्र (इकोसिस्टम) के संतुलन को बनाए रखने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान का लक्ष्य अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं।
ये न केवल जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और वायु प्रदूषण को कम करने में सहायक होते हैं, बल्कि भू-जल स्तर को बढ़ाने, मिट्टी के कटाव को रोकने तथा ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधारोपण करने के साथ-साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।