27 सितंबर तक कराएं फसल पंजीकरण, रविवार को खुले रहेंगे एसडीएम कार्यालय

 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
SIRSA जिला के वे किसान जिन्होंने अभी तक अपनी फसल का पंजीकरण नहीं करवाया है, वे 27 सितंबर तक एसडीएम कार्यालय के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन देकर पंजीकरण करवा सकते हैं। फसल पंजीकरण के लिए जिला में सभी एसडीएम कार्यालय रविवार को भी खुले रहेंगे। ऐसे में जिन किसानों ने अभी तक अपनी फसल का पंजीकरण नहीं कराया है, उनके ऑफलाइन आवेदन प्राप्त करने के लिए रविवार, 27 सितंबर तक तिथि निर्धारित की गई है।

प्रशासन की ओर से किसानों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपनी फसल का विवरण दर्ज कराकर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें। गौरतलब है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और मंडी में एमएसपी पर फसल बेचने के लिए ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’  के तहत पंजीकरण होना आवश्यक है। किसानों से आग्रह है कि वे पंजीकरण के दौरान अपनी भूमि और फसल से संबंधित सभी जानकारी सावधानीपूर्वक और सही-सही दर्ज करें।

पंजीकरण की अंतिम तिथि नजदीक आने के कारण किसान किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा अन्य परेशानी से बचने के लिए समय रहते प्रक्रिया पूरी करें। पंजीकरण करवाते समय किसान अपने आवश्यक दस्तावेज एवं संबंधित जानकारी साथ रखें, ताकि प्रक्रिया को समय पर पूरा किया जा सके। जिला के चारों एसडीएम कार्यालय के माध्यम से 26 सितंबर को समाचार लिखे जाने तक जिला सिरसा में 3602 ऑफलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं।