पंचकूला में गरजे कंप्यूटर टीचर्स एवं कंप्यूटर लैब अटेंडेंट, एक्ट 2024 लागू करने व 4000 कंप्यूटर टीचर्स और लैब अटेंडेंट को सेवा सुरक्षा देने की मांग
mahendra india news, new delhi
सिरसा/पंचकूला। प्रदेशभर के लगभग 4000 कंप्यूटर टीचर्स एवं कंप्यूटर लैब अटेंडेंट भीषण गर्मी में अपनी जायज मांगों को लेकर पंचकूला पहुंचे। हरियाणा सरकार द्वारा बनाए गए जॉब सुरक्षा एक्ट-2024 को लागू करवाने तथा सेवा सुरक्षा का लाभ प्राप्त करने के लिए सैकड़ों कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने कच्चे कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा देने के उद्देश्य से एक्ट-2024 बनाया, लेकिन आज तक इसका लाभ उन्हें नहीं मिल पाया है। वर्षों से सरकारी विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे कंप्यूटर टीचर्स एवं लैब अटेंडेंट आज भी भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं।
प्रदर्शन के दौरान पंचकूला प्रशासन ने कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल की बैठक शिक्षा विभाग हरियाणा के निदेशक जितेंद्र कुमार के साथ डीएसई कार्यालय, पंचकूला में करवाई। बैठक में कर्मचारियों ने सेवा सुरक्षा, ओटीपी जारी करने, बकाया वेतन, पोर्टल संबंधी समस्याओं तथा एक्ट-2024 के लाभ से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा। बैठक में निदेशक जितेंद्र कुमार ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कंप्यूटर टीचर्स एवं लैब अटेंडेंट एक्ट-2024 के दायरे में आते हैं और सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को एक्ट का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा इस संबंध में मुख्य सचिव, हरियाणा सरकार को पत्र भेजा जा रहा है। इसके साथ ही बकाया वेतन के मुद्दे पर भी फाइल आगे बढ़ाई गई है। निदेशक ने भरोसा दिलाया कि अगले 7 से 10 दिनों के भीतर मुख्य सचिव के साथ बैठक करवाने का प्रस्ताव भेजा जा रहा है तथा एक्ट-2024 का लाभ पात्र कर्मचारियों को अवश्य दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह एक्ट आप सभी कर्मचारियों के लिए बनाया गया है और इसका लाभ आपको 100 प्रतिशत मिलेगा। कर्मचारी संगठनों ने कहा कि कंप्यूटर टीचर्स एवं लैब अटेंडेंट पिछले 12 से अधिक वर्षों से प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा के साथ-साथ एमआईएस, पीएफएमएस, आॅनलाइन डेटा एंट्री, बोर्ड कार्य, बीएलओ ड्यूटी, जनगणना सहित अनेक महत्वपूर्ण सरकारी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें अभी तक सेवा सुरक्षा और सम्मानजनक वेतन नहीं मिला है।
कंप्यूटर टीचर्स संघ के प्रदेश अध्यक्ष बलराम धीमान, कंप्यूटर लैब अटेंडेंट कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र प्योंत तथा कंप्यूटर अध्यापक कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष सोनू नरवाल ने संयुक्त रूप से सरकार से मांग की कि कर्मचारियों के धैर्य और संघर्ष की परीक्षा लेना बंद किया जाए तथा जॉब सुरक्षा एक्ट-2024 को तत्काल प्रभाव से लागू कर प्रदेश के 4000 कंप्यूटर टीचर्स एवं लैब अटेंडेंट सहित लाखों कच्चे कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा का लाभ प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार अपने वादे के अनुरूप शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेती है तो हजारों परिवारों को रोजगार की सुरक्षा मिलेगी और कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित होगा। कर्मचारी संगठनों ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही ठोस कदम उठाकर लंबे समय से लंबित इस मांग का समाधान करेगी।