SIR के मुद्दे पर कांग्रेस सक्रिय, बूथ स्तर पर निगरानी के निर्देश, प्रदेश कांग्रेस के नियुक्त प्रभारी मोहन ढिल्लों ने कार्यकर्ताओं से की सतर्क रहने की अपील

 
mahendra india news, new delhi

कांग्रेस भवन में बुधवार सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त सिरसा जिले के प्रभारी मोहन ढिल्लों एडवोकेट ने मीडिया से बातचीत करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर पार्टी का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का निष्पक्ष और पारदर्शी होना अत्यंत आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी इस प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए है और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मोहन ढिल्लों ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे तथा किसी भी प्रकार से अवैध या फर्जी वोट न बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है। इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर निगरानी रखेंगे और यदि कहीं भी गड़बड़ी सामने आती है तो उसे संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की पक्षधर रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य पर नजर रखें और यह सुनिश्चित करें कि योग्य नागरिकों के नाम सूची में शामिल हों। साथ ही यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची से हटाया गया है या उसका नाम दर्ज नहीं हुआ है तो उसे आवश्यक सहायता प्रदान की जाए।

मीडिया से बातचीत के दौरान ढिल्लों ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मताधिकार का सम्मान होना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को उसके अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता लोगों को जागरूक भी करेंगे ताकि वे समय रहते अपने नाम की जांच कर सकें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का सम्मान करती है, लेकिन साथ ही यह भी आवश्यक है कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और बिना किसी भेदभाव के संपन्न हो। यदि कहीं भी अनियमितता या पक्षपात की शिकायत मिलती है तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से उसका विरोध करेगी। जिला प्रभारी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस मौके पर वीरभान मेहता, राजकुमार शर्मा राजेश चाडीवाल, ऐलनाबाद के विधायक चौधरी भरत सिंह बेनीवाल के पुत्र सुमित बेनीवाल, लादूराम पूनिया, राम सिंह सोलंकी चेयरमैन, रणधीर सिंह धीरा पूर्व चेयरमैन, रतन गेदर, गुरनाम झब्बर, बूटा सिंह थिंद, दुर्गा सिंह सरपंच, शुभम पूनिया, ओम डाबर, जेपी कस्वां आदि मौजूद थे।