SIRSA में बिजली किल्लत के विरोध में 23 जुलाई को एसई का घेराव करेगी कांग्रेस
Mahendra india news, new delhi
सिरसा जिले में लगातार बढ़ रही बिजली कटौती के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 23 जुलाई को बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव किया जाएगा। यह जानकारी कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला, ऐलनाबाद से विधायक चौधरी भरत सिंह बेनीवाल, सिरसा से विधायक गोकुल सेतिया तथा डबवाली के पूर्व विधायक अमित सिहाग ने संयुक्त रूप से दी। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि आगामी 23 जुलाई वीरवार को सुबह 10 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता बरनाला रोड स्थित बिजली निगम के एसई कार्यालय की ओर कूच करेंगे।
कार्यालय के बाहर विशाल रोष प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद एसई कार्यालय का घेराव कर बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग उठाई जाएगी। उक्त कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के दौर में अघोषित बिजली कटों ने आम जनता का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोगों को न तो घरों में चैन मिल रहा है और न ही बाहर राहत मिल रही है। बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण उद्योग-धंधों की रफ्तार प्रभावित हो रही है, वहीं विद्यार्थियों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में लोगों को रात के समय घरों के बाहर बैठकर समय बिताने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बिजली निगम द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के कभी भी बिजली कट लगा दिए जाते हैं। कटौती का कोई निर्धारित शेड्यूल नहीं है, जिससे आम लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर सरकार और बिजली निगम सुचारू बिजली आपूर्ति के दावे कर जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली संकट के कारण पेयजल की समस्या भी गंभीर रूप धारण कर चुकी है। पानी सप्लाई के समय बिजली काटे जाने से लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा। मजबूरन लोगों को 600 से 700 रुपये खर्च कर टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है।
जिलाभर में बिजली और पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मची हुई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। जनता में सरकार के प्रति भारी आक्रोश है। उन्होंने दावा किया कि 23 जुलाई का रोष प्रदर्शन ऐतिहासिक होगा, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ बिजली संकट से परेशान आम लोग भी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।कांग्रेस नेताओं ने लोगों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शन में शामिल होकर इस गूंगी बहरी सरकार को जगाने का काम करें।