सरकार से 4 मांगों पर बनी सहमति, नर्सिंग कैडर की हड़ताल स्थगित, अगर मांगों को लागू नहीं किया गया तो फिर से होगा आंदोलन

 

mahendra india news, new delhi
 हरियाणा के स्वास्थ्य संस्थानों में पिछले कई दिनों से चल रही 2 घंटे की सांकेतिक हड़ताल को नर्सिंग आॅफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने फिलहाल स्थगित कर दिया है। सरकार के साथ हुई बैठक में 4 प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद यह फैसला लिया गया है। एसोसिएशन के जिला प्रधान राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि एसोसिएशन की राज्य प्रधान विनीता बांगड़, राज्य कोषाध्यक्ष सुमन कुंडू और राज्य संयुक्त सचिव संतोष शर्मा को मॉडल आॅनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी (एमओटीपी) नर्सिंग कैडर लागू न करने और वाशिंग अलाउंस सहित अन्य मांगों को लेकर चल रही हड़ताल के मामले में मंगलवार शाम को अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग डॉ. सुमिता मिश्रा और डीजीएचएस डॉ. मनीष बंसल ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बैठक के लिए बुलाया था।

बैठक में नर्सिंग कैडर की मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि अन्य मांगें जैसे नर्सिंग अलाउंस 7200 रुपये करने और नर्सिंग आॅफिसर को ग्रुप-बी में शामिल करने जैसी मांगों के लिए विभाग के साथ जल्द ही एक अलग बैठक आयोजित की जाएगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने इसके लिए जल्द समय देने की बात कही है। अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने आश्वासन दिया है कि नर्सिंग कैडर की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।

साथ ही एसोसिएशन ने चेतावनी भी दी है कि अगर बाकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो नर्सिंग कैडर दोबारा अपने जायज हक के लिए बड़ा कदम उठाने पर मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की होगी। नर्सिंग आॅफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा की मीडिया कॉर्डिनेटर पूनम सहराय ने बताया कि विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ मीटिंग के बाद एसोसिएशन ने हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने प्रदेशभर में नर्सिंग आॅफिसर्स से अपील की है कि हड़ताल समाप्त करके  नियमित काम पर लौट जाएं। उन्होंने इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाले सभी नर्सिंग आॅफिसर्स का आभार भी जताया।


इन 4 मांगों पर बनी सहमति:
एमओटीपी नर्सिंग कैडर पर लागू नहीं होगा, मेवात और पलवल में कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों को विशेष भत्ता मिलेगा, मेवात और पलवल में कार्यरत नर्सिंग आॅफिसर अपने गृह जिलों में ले सकेंगे तबादला, पिछले वर्ष से बंद पड़ा यूनिफॉर्म अलाउंस अब अर्जेंट बेसिस पर एरियर सहित मिलेगा।