अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ करेगा बिजली मंत्री का घेराव: जीवन ठाकुर
mahendra india news, new delhi
अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक कैथल में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जसविंदर दुहन व मंच का संचालन प्रदेश महासचिव जीवन ठाकुर ने किया। बैठक में मुख्य रूप से एवीकेएसएच प्रभारी सुनील ढिल्लों, भारतीय मजदूर संघ से प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश बालू, प्रांत मंत्री देवीलाल गुराना, जिला मंत्री कैथल सुरेंद्र जांगड़ा, समस्त प्रदेश कार्यकारिणी व 21 जिलों और हेड आॅफिस हिसार,पंचकूला से 92 पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आॅफर लेटर में हो रही देरी व संगठन को आगे बढ़ाने की रूपरेखा बनाने का रहा। सभी प्रदेश व जिला पदाधिकारियों ने अपने विचार व सुझाव सभी के सम्मुख रखे। आॅफर लेटर में हो रही देरी के लिए सभी पदाधिकारियों ने सरकार व मुख्यमंत्री के प्रति अपनी नाराजगी दर्ज करवाई और कहा कि मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम में घोषणा की थी कि सभी एक लाख बीस हजार कर्मचारियों को 15 जून तक आॅफर लेटर मिल जाएंगे, लेकिन आज तक एक कर्मचारी को भी आॅफर लेटर नहीं मिला।
इसके लिए हमें सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करना चाहिए। उपाध्यक्ष नरेश बालू ने कहा कि अगर आपको प्रदर्शन करना है तो किसी भी प्रकार की परिस्थिति के लिए तैयार रहें। प्रभारी सुनील ढिल्लों ने कहा कि बिजली विभाग में सबसे मजबूत संगठन है। आप फील्ड में काम करे आपको कामयाबी जरूर मिलेगी। प्रांत मंत्री देवीलाल ने कहा कि हमे कर्मचारियों की हर समस्या के लिए काम करना है।आज एक लाख बीस हजार कर्मचारी सिर्फ एवीकेएसएच की तरफ देख रहे हैं की यही वो संगठन है, जो हमे हमारा हक दिला सकता है।
देवीलाल ने मंच के माध्यम से घोषणा करते हुए कहा कि आगामी 17 जुलाई को अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ अंबाला में बिजली मंत्री अनिल विज का घेराव करेगा। आप सभी आज से अपनी तैयारी शुरू कर दें। प्रदेश अध्यक्ष जसविंदर दुहन ने कहा कि इस आंदोलन में हर एक अनुबंधित कर्मचारी पहुंचे, क्योंकि ये किसी संगठन की नहीं बिजली विभाग के हर एक अनुबंधित कर्मचारी की लड़ाई है। अंत में अध्यक्ष ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों का धन्यवाद करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।