मतदाता सूची में त्रुटियों का समयबद्ध सुधार करें सुनिश्चित : एसडीएम राजेंद्र कुमार

 

mahendra india ne
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दूसरे चरण के तहत वीरवार को स्थानीय राजकीय नेशनल कॉलेज SIRSA में बूथ लेवल अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में दूसरे चरण के दौरान प्राप्त होने वाले मतदाता दावे-आपत्तियों के निस्तारण, आवश्यक दस्तावेजों तथा मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

 

 

इस अवसर पर SIRSA विधानसभा (45) के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम राजेंद्र कुमार ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर तहसीलदार प्रदीप अहलावत, नायब तहसीलदार अशोक खुराना, खेल अधिकारी जगदीप सिंह, DEEO  विजय सचदेवा, उप जिला शिक्षा अधिकारी राजेश जैन, सहायक रजिस्ट्रार कॉपरेटिव सोसायटी संजीव कौशिक, चुनाव कानूनगो रीना भी मौजूद रही।


एसडीएम राजेंद्र कुमार ने बताया कि इस दौरान सभी प्रतिभागियों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दूसरे चरण की जिम्मेदारियों एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का दूसरा चरण 31 जुलाई से 30 अगस्त तक चलेगा। इस अवधि में मतदाता अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। वहीं फॉर्म-7 के माध्यम से किसी नाम को हटाने, फार्म-8 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, पता, जन्मतिथि, फोटो अथवा अन्य विवरण में सुधार के लिए निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा व नोटिस पीरियड / क्लेम, ओब्जेक्शन की तिथि 30 जुलाई से 28 सितंबर तक किया जाएगा।


प्रशिक्षण में BLO को निर्देश दिए गए कि वे प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देकर उन्हें समय पर आवेदन करने के लिए प्रेरित करें, ताकि मतदाता सूची अधिक से अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाई जा सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।


चुनाव कानूनगो रीना ने बीएलओ से अपील की कि वे अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने तथा त्रुटियों के समयबद्ध सुधार को सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें।