दयानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल चौपटा में स्व. रविंद्र गोदारा के जन्मदिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित

 
mahendra india news, new delhi

खंड चौपटा स्थित दयानंद सीनियर सेकेण्डरी स्कूल में स्वर्गीय रविंद्र गोदारा के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को स्कूल परिसर में निफ़ा संवेदना -2 अभियान के अंतर्गत पांचवां रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 145 रक्तदाताओं ने पंजीकरण करवाया और 105 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। यह रक्तदान शिविर मानवता की सेवा का एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करता है। एकत्रित रक्त किसी भी आपात स्थिति में जरूरतमंद मरीजों के लिए वरदान साबित होगा। यह आयोजन समाज में स्वस्थ रक्तदान की अलख जगाने वाला साबित हुआ।

 

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि अनिल कुमार डिढ़ारिया (सदस्य, बाल कल्याण समिति, सिरसा) और डॉ वेद बैनीवाल तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने स्वर्गीय रविंद्र गोदारा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर की।

रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि अनिल कुमार ने कहा रक्तदान केवल दान नहीं, यह एक सामाजिक कर्तव्य है। एक यूनिट रक्त कई जीवन बचा सकता है। आज का यह शिविर हमें बताता है कि जब हम संकल्पित होकर आगे आते हैं, तो मानवता की सेवा का कोई विकल्प नहीं। आइए, हम सभी रक्तदान को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएँ और समाज में एक नई ऊर्जा का संचार करें।"

वहीं, दयानंद विद्यालय परिवार द्वारा शुरू की गई मुहिम के तहत रणजीत सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता (पर्यावरण प्रहरी एवं रक्तवीर) को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘रवि पुंज पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूल समिति के सदस्य भरत सिंह कासनिया, विजेंद्र गोदारा, शिखा गोदारा व स्वाज शर्मा ने आए हुए अतिथियों एवं रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर टीम निफ़ा की ओर से दलबीर सिंह सहित विभिन्न संस्थाओं के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस आयोजन में सहयोग दिया।