प्रॉपर्टी टैक्स ब्याज माफी योजना की अवधि बढ़ाने की मांग, मुख्यमंत्री एवं नगर निकाय मंत्री को लिखा पत्र
mahendra india news, new delhi
पूर्व पार्षद नीतू सोनी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल को पत्र लिखकर प्रॉपर्टी टैक्स ब्याज माफी योजना की अवधि बढ़ाने की मांग की है। पूर्व पार्षद नीतू सोनी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल को लिखे पत्र में कहा है कि सिरसा में अभी भी काफी संख्या में ऐसे प्रॉपर्टीधारक हैं जो विभिन्न कारणों से इस योजना का लाभ लेने से वंचित रह गए हैं।
वहीं बीती 30 जून को योजना के अंतिम दिन नगर परिषद कार्यालय में अत्यधिक भीड़ होने के कारण भी अनेक प्रॉपर्टी धारक योजना का लाभ उठाने से वंचित रह गए। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार इस योजना की अवधि को कुछ समय के लिए और बढ़ा देती है तो अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकेंगे। इससे जहां आम जनता को आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं नगर परिषद के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
नीतू सोनी ने मुख्यमंत्री एवं नगर निकाय मंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए ब्याज माफी योजना की अवधि बढ़ाने का आग्रह किया है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। पूर्व पार्षद नीतू सोनी ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार आमजनता के हित को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी और योजना की अवधि बढ़ाने पर विचार करेगी।