हरियाणा में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट व एचकेआरएन के 2 कर्मचारियों को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

 
mahendra india news, new delhi 

कैथल विजिलेंस टीम ने पब्लिक हेल्थ कार्यालय में बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंंस टीम ने छापेमारी कर डिप्टी सुपरिंटेंडेंट कमलकांत सहित HKRN (हरियाणा कौशल रोजगार निगम ) के 2 कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से सारे विभाग में हडक़ंप मच गया है। 

जानकारी के अनुसार विजिलेंस इंस्पेक्टर सूबे सिंह सैनी के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाते हुए कार्यालय पर रेड की। टीम ने डिप्टी सुपरिंटेंडेंट कमलकांत को 20 हजार रुपये, जबकि HKRN कर्मचारी अशोक कुमार व बलजीत को 5-5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी कमलकांत ने रिश्वत की राशि तुरंत अपनी जेब में डाल ली थी, जबकि अन्य कर्मचारियों ने रुपये अलमारी में छिपाए थे, जिन्हें विजिलेंस ने मौके पर ही बरामद कर लिया।


बताया जा रहा है कि स्वयं को फंसता देख डिप्टी सुपरिंटेंडेंट कमलकांत दफ्तर में ही दहाड़े मारकर रोने लगा। वह बार-बार स्वयं को बेकसूर बताते हुए कह रहा था कि उसके पास शिकायतकर्ता का कोई बिल बकाया नहीं है। लेकिन जब विजिलेंस ने उसकी अलमारी की तलाशी ली, तो वहां से वही पेंडिंग बिल बरामद हुए। जिन्हें दबाकर रिश्वत मांगी जा रही थी। विजिलेंस की टीम ने इन बिलों को साक्ष्य के तौर पर कब्जे में ले लिया है।ठेकेदार से बिल पास करने की एवज में ले रहे थे घूस

इसी के साथ ही शिकायतकर्ता ठेकेदार विशाल भारद्वाज ने बताया कि आरोपी डिप्टी सुपरिंटेंडेंट बिल पास करने के नाम पर कुल राशि का 2 फीसद (डिप्टी सुपरिटेंडेंट) और 1-1 फीसद (कर्मचारी) कमीशन मांग रहे थे। इसी के साथ ही आरोपियों ने ठेकेदार के 2026 के कार्यों के बिल और कोटेशन बिना किसी आरटीआई के चोरी-छिपे विरोधियों (बलबीर रोहेड़ा व राधेश्याम प्रजापति) को दे दिए। इसके बाद ठेकेदार से करोड़ों रुपये की डिमांड कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित और ब्लैकमेल किया जाने लगा।

कॉल रिकॉर्डिंग बनी पुख्ता सबूत
बताया जा रहा है कि परेशान होकर ठेकेदार विशाल भारद्वाज ने आरोपियों की बातचीत रिकॉर्ड कर विजिलेंस को सौंप दी थी। इसी रिकॉर्डिंग के आधार पर पूरा प्लान तैयार किया गया। कार्रवाई के दौरान डीआरओ चंद्रमोहन ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर तैनात रहे। फिलहाल विजिलेंस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और भ्रष्टाचार की इस चेन में शामिल अन्य चेहरों को बेनकाब करने में जुटी है।