डीएफएससी ने किया SIRSA में गैस एजेंसियों का निरीक्षण, सप्लाई व्यवस्था जांची
जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियन्त्रक हरवीर ने जिला में स्थित तीन गैस एजेन्सियां हरियाणा गैस सर्विस सिरसा, कसोली गैस सर्विस सिरसा व भूपेन्द्रा गैस सर्विस सिरसा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तीनों गैस एजेन्सियों पर भीड़ नहीं पाई गई तथा स्थिति सामान्य पाई गई।
निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसियों का स्टॉक रिकॉर्ड के अनुसार पूर्ण पाया गया। गैस एजेंसियों के मालिकों एवं प्रतिनिधियों ने बताया कि उनके पास घरेलू गैस सिलेंडरों की किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है तथा घरेलू गैस की सप्लाई सुचारू रूप से की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की सप्लाई और डिलीवरी ओटीपी के आधार पर की जाती है और भविष्य में भी यही प्रक्रिया जारी रहेगी।
उन्होंने गैस एजेंसियों के मालिकों एवं प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं से डिलीवरी के समय निर्धारित मूल्य से अधिक राशि न वसूली जाए। यदि कोई उपभोक्ता गैस की डिलीवरी लेने के लिए गोदाम पर जाता है तो उससे गोदाम के निर्धारित मूल्य के अनुसार ही शुल्क लिया जाए। वहीं, यदि उपभोक्ता को होम डिलीवरी दी जाती है तो उसी के अनुसार निर्धारित मूल्य ही वसूला जाए। किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि न ली जाए। यदि किसी गैस एजेंसी द्वारा ऐसा किया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि सिरसा जिले में घरेलू गैस सिलेंडर, सीएनजी तथा पेट्रोल/डीजल की किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।