सीडीएलयू SIRSA में गुरु गोविन्द सिंह जी स्टडी सर्कल का गठन करने पर हुआ मंथन

 
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के पंजाबी विभाग में शुक्रवार को श्री गुरु तेग बहादुर जी रिसर्च चेयर के अंतर्गत गोविन्द सिंह जी स्टडी सर्कल का गठन करने पर मंथन किया गया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाबी विभाग की अध्यक्ष व श्री गुरु तेग बहादुर जी रिसर्च चेयर की निदेशक प्रोफेसर रणजीत कौर ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने गुरु गोविन्द सिंह जी स्टडी सर्कल के साथ स्वेछा से जुड़ने वाले विद्यार्थियों के साथ विचार सांझा करते हुए कहा कि गुरु गोविन्द सिंह जी का जीवन साहस, त्याग, समानता और मानवता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्टडी सर्कल विद्यार्थियों को महान गुरुओं की शिक्षाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

गुरु गोविन्द सिंह जी ने अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज में समानता स्थापित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उनकी शिक्षाओं और जीवन दर्शन की प्रासंगिकता आज के संदर्भ में भी जीवन को सही दिशा दिखाने का कार्य करती है। ऐसे अध्ययन मंच विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास तथा सामाजिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


विभाग के प्राध्यापक व श्री गुरु तेग बहादुर जी रिसर्च चेयर के उपनिदेशक गुरसाहिब सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में स्थापित गुरु तेग बहादुर जी चेयर के माध्यम से सिख अध्ययन से संबंधित सामग्री, गुरु घरों की शिक्षाओं तथा मानव कल्याण और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने वाली शैक्षणिक सामग्री का संग्रह एवं संरक्षण करने पर भी मंथन किया गया। यह स्टडी सर्कल सिख इतिहास, संस्कृति और दर्शन को समझने के लिए एक प्रभावी मंच सिद्ध होगा।


इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रोफेसर राज कुमार, निदेशक एडमिनिस्ट्रेशन प्रोफेसर सुरेंद्र सिंह, यूकोप निदेशक प्रोफेसर सुल्तान सिंह,  डॉ अमरीक सिंह एवं डॉ. चरणजीत कौर सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।