हरियाणा में हटाए हुए जवानों की जल्द से जल्द हो वापसी: चंद्रपाल तंवर
mahendra india news, new delhi
हरियाणा आॅल इंडिया होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रपाल तंवर ने प्रेस बयान में कहा कि हरियाणा में काफी जवानों को 2010 से लेकर 2024 तक बिना नोटिस, लॉन्ग एब्सेंट, भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाने, आर.टी.आई मांगने सहित अन्य गलत तरीकों से हटाया गया। बिना कमेटी और जवानों को बिना किसी सूचना दिए सैकड़ों जवानों को हरियाणा होमगार्ड विभाग से निकाला गया है।
जवान काफी सालों से दर-दर की ठोकरे खा रहे हैं और काफी मामले जिला न्यायालयों और उच्च न्यायालय चंडीगढ़ में भी लंबित है। काफी जवानों के दिशा निर्देश गृह रक्षी विभाग, हरियाणा और हरियाणा सरकार को जारी हो चुके हैं। चंद्रपाल तंवर ने बताया कि हटाए हुए जवानों के बारे में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओ.सी.डी से शिष्टमंडल ने काफी बार मुलाकात की, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और ओ. एस. डी ने जल्द ही हटाए हुए जवानों की वापसी के बारे में आश्वासन दिया था, लेकिन काफी जवानों की वापसी अभी नहीं हुई है।
हटे हुए जवान भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से काफी बार मुलाकात कर चुके हैं। इसमें से कुछ जवानों की वापसी भी हुई है, लेकिन अभी भी कई दर्जन जवानों के मामले हरियाणा के जिला न्यायालयों और उच्च न्यायालय पंजाब एंड हरियाणा में लंबित है।
अध्यक्ष चंद्रपाल तंवर ने बताया कि जिला फतेहाबाद, हिसार, सिरसा, कैथल,पानीपत, सोनीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, झज्जर, भिवानी, जींद यमुनानगर, मेवात नारनौल (महेंद्रगढ़) सहित बाकी जिलों के हटाए हुए जवान हरियाणा सरकार के अन्य अधिकारियों और मंत्रियों से भी मिल चुके हैं, जहां काफी जवानों को सिर्फ आश्वासन ही मिला है। तंवर ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से निवेदन है कि सभी हटाए हुए जवानों की बिना शर्त वापसी करवाई जाए, ताकि वे अपने परिवार का पालन पोषण ठीक प्रकार से कर सकें।