करियर, शोध और रोजगार के नए अवसरों का द्वार खुला: सीडीएलयू के 56 पीजी, प्रोफेशनल और कौशल आधारित पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू

 

Mahendra india news, new delhi

उच्च शिक्षा के साथ बेहतर करियर, शोध एवं रोजगार के अवसरों की तलाश कर रहे विद्यार्थियों के लिए चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा ने अपने यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट्स में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संचालित 56 स्नातकोत्तर, व्यावसायिक, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विज्ञान, प्रबंधन, विधि, कंप्यूटर विज्ञान, मीडिया, शिक्षा, योग, संगीत, सामाजिक विज्ञान और विदेशी भाषाओं सहित विविध क्षेत्रों में उपलब्ध इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक प्रयोगशालाओं, अनुभवी शिक्षकों, शोध सुविधाओं तथा रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा। इच्छुक आवेदक 15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।


इस संबंध में जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता प्रोफेसर सुशील कुमार ने विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की बदलती शैक्षणिक एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निरंतर नए एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू कर रहा है।

उन्होंने कहा कि कुलगुरु के मार्गदर्शन में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उद्योग एवं समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करना है। इसी उद्देश्य से विश्वविद्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस, इवेंट मैनेजमेंट, ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट, योग एवं वेलनेस, फोरेंसिक साइंस, फैशन डिजाइन एंड लाइफस्टाइल टेक्नोलॉजी सहित अनेक समकालीन एवं रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को अकादमिक उत्कृष्टता, शोध, नवाचार तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में उपलब्ध सीटों के अनुसार एम.एससी. बायोटेक्नोलॉजी में 30, केमिस्ट्री में 50, एनवायर्नमेंटल साइंस में 30, फूड साइंस एंड टेक्नोलॉजी में 30, गणित में 60, फिजिक्स में 50, बॉटनी में 30, जूलॉजी में 30, भूगोल में 50, फोरेंसिक साइंस में 30 तथा कंप्यूटर साइंस (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस) में 20 सीटें उपलब्ध हैं। विभिन्न एक वर्षीय लेटरल एंट्री कार्यक्रमों में भी पात्र अभ्यर्थियों के लिए सीटें निर्धारित की गई हैं।
प्रबंधन एवं वाणिज्य क्षेत्र में एमबीए में 120, एम.कॉम. (दो वर्षीय) में 60 तथा एम.कॉम. (एक वर्षीय) में 15 सीटें उपलब्ध हैं। कंप्यूटर शिक्षा के क्षेत्र में एमसीए (दो वर्षीय) में 36, एमसीए (एक वर्षीय) में 15, पीजीडीसीए में 40 तथा एम.टेक. कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (वीकेंड) में 30 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।


मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अंतर्गत एम.ए. हिंदी, अंग्रेजी एवं पंजाबी में 60-60, इतिहास एवं पुरातत्व में 50, अर्थशास्त्र में 50, पत्रकारिता एवं जनसंचार में 30, लोक प्रशासन में 40, राजनीति विज्ञान में 40, मनोविज्ञान में 40, क्लीनिकल साइकोलॉजी में 40, समाजशास्त्र में 30, संस्कृत में 30 तथा सामाजिक कार्य (एमएसडब्ल्यू) में 30 सीटें निर्धारित की गई हैं।


योग एवं शारीरिक शिक्षा से जुड़े पाठ्यक्रमों में एम.पी.एड. में 30, पीजी डिप्लोमा इन योगा में 30, एम.ए. योगा में 30 तथा एम.ए. योगा एंड वेलनेस में 30 सीटें उपलब्ध हैं। फैशन एवं डिजाइन अध्ययन के अंतर्गत एम.एससी. फैशन डिजाइन एंड लाइफस्टाइल टेक्नोलॉजी में 30, एक वर्षीय कार्यक्रम में 30 तथा डिप्लोमा इन इंटीरियर डिजाइन में 40 सीटें निर्धारित की गई हैं। संगीत विभाग में एम.ए. म्यूजिक (वोकल) में 20 तथा एम.ए. म्यूजिक (इंस्ट्रुमेंटल) में 10 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे।


इसके अतिरिक्त एलएल.बी. प्रोफेशनल (3 वर्षीय) में 60, एम.लिब. एंड इंफॉर्मेशन साइंस में 30, बी.लिब. एंड इंफॉर्मेशन साइंस में 40, पीजी डिप्लोमा इन इवेंट मैनेजमेंट में 40, पीजी डिप्लोमा इन ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट में 40, डिप्लोमा इन भगवद्गीता में 40, सर्टिफिकेट कोर्स इन हिंदी ट्रांसलेशन में 30 तथा सर्टिफिकेट कोर्स इन पंजाबी में 30 सीटें उपलब्ध हैं। फ्रेंच भाषा के सर्टिफिकेट ऑफ प्रोफिशिएंसी कार्यक्रम में 50 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
सीडीएलयू के जनसंपर्क निदेशक डॉ अमित सांगवान ने बताया कि इन प्रवेश कार्यक्रम की प्रथम काउंसलिंग 22 जुलाई, द्वितीय काउंसलिंग 27 जुलाई तथा तृतीय काउंसलिंग 30 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। रिक्त सीटों को भरने के लिए 8 अगस्त 2026 को फिजिकल काउंसलिंग आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि सभी प्रवेश विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों एवं मेरिट के आधार पर किए जाएंगे। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता शर्ते एवं आवेदन प्रक्रिया विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।