हरियाणा में जमीन विवाद को लेकर डबल मर्डर:  पति-पत्नी की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, बड़े भाई पर आरोप; आरोपियों की तलाश में 4 टीमें गठित

 

 mahendra india news, new delhi

हरियाणा प्रदेश की बड़ी खबरों में चरखी दादरी से हैं। जिला के काकड़ोली हट्टी में जमीन और ट्यूबवेल के पानी को लेकर चल रहा झगड़ा शनिवार को दोहरे हत्याकांड में बदल गया। जानकारी के अनुसार खेत में बने मकान में रह रहे दंपती की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतक के बड़े भाई और उसके परिजनों पर है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दंपती के शव करीबन 5 घंटे तक हडौदी-काकड़ोली हट्टी मार्ग पर पड़े रहे। दंपती की बेटी की शिकायत पर तीन नामजद सहित अन्य प्राथमिकी दर्ज की गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में रखवाए गए हैं। शव का पोस्टमार्टम रविवार को होगा।


बताया जा रहा है करीबन 50 साल के सुरेंद्र उर्फ सुंदर सिंह अपनी पत्नी भानवती के साथ खेत में रहता था। बड़े भाई के साथ उनका लंबे वक्त से जमीन और खेत में लगे ट्यूबवेल को लेकर विवाद चल रहा था।  इसी बात पर दोनों पक्षों में शनिवार दोपहर कहासुनी हुई, जो हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इस झगड़े के बाद बड़े भाई शमशेर ने अन्य स्वजनों के साथ मिलकर दंपती पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते दोनों की मौत हो गई।


इस घटना के बारे में सूचना पर एसपी लोकेश कुमार पी, डीएसपी राकेश और थाना प्रभारी हरबीर सिंह मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने करीबन 2 घंटे तक साक्ष्य जुटाए। इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता योगेश के अनुसार आरोपियों की तलाश के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।