शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान एवं अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने पर डा. अनिल धानुका सम्मानित
Dr. Anil Dhanuka honored for significant contributions to the education sector and for promoting international academic cooperation
mahendra india news, new delhi
नई दिल्ली में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय उच्च शिक्षा सेमिनार में प्रमुख शिक्षाविद एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉ. अनिल धानुका ने विशेष अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अंतर्राष्ट्रीय सेमिनार में भारत के साथ-साथ जॉर्जिया, साइप्रस, यूक्रेन, हांगकांग, जर्मनी तथा अन्य यूरोपीय देशों के विश्वविद्यालयों एवं शिक्षा संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सेमिनार के दौरान डॉ. अनिल धानुका ने जॉर्जिया विश्वविद्यालय के एम्बेसडर का सुंदर पुष्पगुच्छ एवं भारत के पवित्र ग्रंथ श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के अनुरूप सम्मानपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ. धानुका ने देश-विदेश से आए शिक्षा प्रतिनिधियों के साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी), भारतीय विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर रोजगार के अवसर, कम लागत में विश्वस्तरीय विदेशी शिक्षा, पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति, वीजा सहायता तथा अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने विदेशी विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि भारतीय विद्यार्थियों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी सहयोग बढ़ाया जाए।
साथ ही उन्होंने विदेशी विद्यार्थियों का भारतीय विश्वविद्यालयों में अध्ययन हेतु स्वागत करते हुए भारत की आॅनलाइन शिक्षा प्रणाली, डिजिटल लर्निंग और वैश्विक स्तर पर भारतीय विश्वविद्यालयों की बढ़ती भूमिका पर विशेष प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान ग्लोबल एजुकेशन की ओर से डॉ. अनिल धानुका को शिक्षा क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान एवं अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए पुष्पगुच्छ एवं सम्मान-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। डॉ. अनिल धानुका ने कहा कि ऐसे अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा मंच भारत और विश्व के बीच शैक्षणिक सहयोग को नई दिशा प्रदान करेंगे तथा विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, वैश्विक अवसरों और उज्ज्वल भविष्य के नए द्वार खोलेंगे।