SIRSA में सीआरएम योजना 2026-27 के तहत कृषि यंत्रों के लाभार्थियों का ड्रॉ 19 अगस्त को
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सीआरएम योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए प्राप्त आवेदनों में से पात्र किसानों का चयन 19 अगस्त को ड्रॉ ऑफ लॉट्स के माध्यम से किया जाएगा। सहायक कृषि अभियंता विजय जैन ने बताया कि सीआरएम योजना के तहत जिले में 15 प्रकार के कृषि यंत्रों के लिए विभागीय पोर्टल पर कुल 2,995 किसानों द्वारा ऑनलाइन आवेदन किए गए थे।
इनमें से 126 स्ट्रॉ बेलर एवं 295 सुपर सीडर के लिए पात्र आवेदकों का चयन ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा। यह ड्रॉ 19 अगस्त को दोपहर दो बजे, लघु सचिवालय, सिरसा के कमरा नं. 63 में आयोजित किया जाएगा। अन्य कृषि यंत्रों के लिए पात्र आवेदकों को योजना के प्रावधानों के अनुसार लाभ प्रदान किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, अनुसूचित जाति वर्ग के सभी 64 आवेदकों को कृषि यंत्रों के लिए अनुमोदित किया गया है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित लक्ष्य पूर्ण होने के पश्चात योजना के प्रावधानों के अनुसार 30 प्रतिशत अतिरिक्त पात्र आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा जाएगा। प्रतीक्षा सूची में शामिल आवेदकों का चयन भी निर्धारित प्रक्रिया एवं नियमों के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने जिले के किसानों से अपील की है कि वे योजना की पात्रता शर्तों एवं आवश्यक दस्तावेजों को पूर्ण करते हुए अधिक से अधिक संख्या में इस ड्रॉ प्रक्रिया में भाग लें।
उन्होंने बताया कि ऐसे किसानों को योजना का लाभ प्राप्त हो सकेगा, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों के दौरान इस योजना का लाभ नहीं लिया है, बशर्ते वे योजना की अन्य पात्रता शर्तें पूरी करते हों। उन्होंने बताया कि ड्रॉ प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाया जाएगा तथा चयनित किसानों को योजना के नियमों एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कृषि यंत्रों का लाभ प्रदान किया जाएगा।