ड्रोन उद्यमी योजना : एससी वर्ग के युवाओं को मिलेंगे स्वरोजगार के अवसर,  पात्र युवाओं को नियमानुसार ऋण, वित्तीय सहायता एवं तकनीकी प्रशिक्षण का मिलेगा लाभ

 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ड्रोन उद्यमी योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से युवाओं को आधुनिक ड्रोन तकनीक से जोड़कर अपना व्यवसाय स्थापित करने के अवसर प्रदान किए जाएंगे।


हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के क्षेत्रीय अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार ऋण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने के साथ-साथ ड्रोन संचालन एवं तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे। इस योजना के माध्यम से युवा अपना ड्रोन सेवा उद्यम स्थापित कर आजीविका अर्जित कर सकेंगे।


उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत कृषि कार्यों में ड्रोन के माध्यम से कीटनाशकों एवं उर्वरकों का छिड़काव, कृषि भूमि का सर्वेक्षण एवं डिजिटल मैपिंग, भूमि एवं संपत्ति सर्वेक्षण, निर्माण एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं में ड्रोन सेवाएं तथा अन्य अनुमोदित ड्रोन आधारित व्यावसायिक गतिविधियां शामिल हैं। इसके अलावा ऊर्जा एवं विद्युत लाइनों के निरीक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी ड्रोन तकनीक के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हैं।


उन्होंने बताया कि हरियाणा के अनुसूचित जाति वर्ग के ऐसे युवा, जो योजना की निर्धारित पात्रता एवं शर्तों को पूरा करते हैं, इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत ऋण, अनुदान, प्रशिक्षण एवं अन्य वित्तीय लाभ निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं पात्रता के अनुसार प्रदान किए जाएंगे।


क्षेत्रीय अधिकारी संजय कुमार ने अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र युवाओं से आह्वान किया कि वे ड्रोन उद्यमी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनें। इच्छुक युवा आवेदन एवं योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए निगम की वेबसाइट https://hscfdc.org.in/ पर विजिट कर सकते हैं अथवा हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के जिला कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।