हरियाणा प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आज रात्रि से मौसम में होगा बदलाव, 5 मई तक बरसात का अलर्ट
हरियाणा प्रदेश में एक बार फिर से मौसम में बदलाव होगा। मौसम को लेकर कृषि मौसम विज्ञान विभाग चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार ने मौसम पूर्वानुमान जारी किया है।
डॉ मदन खीचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 5 मई तक परिवर्तनशील रहने की उम्मीद है। इस दौरान एक पश्चिमीविक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढऩे की संभावना है जिसके आंशिक प्रभाव से 3 मई से 5 मई के दौरान हरियाणा राज्य में आंशिक बादलवाई रहने तथा बीच बीच में हवाएं चलने की संभावना है । इस दौरान हवाओं व गरज चमक के साथ राज्य में कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव न होने तथा रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शनिवार रात्रि से फिर से नया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव होगा। मौसम विज्ञानियों की तरफ से तीन से पांच मई तक लगातार बरसात होने की संभावना है।
शनिवार को हरियाणा के पंचकूला, यमुनानगर, मेवात और पलवल में वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी प्रकार प्रदेश के अन्य कई जिलों में वर्षा हो सकती है। इसी के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती है।