विद्यालयों में आपदा प्रबंधन और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर दिया जोर, डाइट डिंग में प्रशिक्षण संपन्न
mahendra india news, new delhi
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, हरियाणा, गुरुग्राम के आदेशों की अनुपालना में जिला शिक्षा अधिकारी सिरसा एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, डिंग के प्राचार्य सुभाष फुटेला तथा डाइट प्रभारी सुरेंद्र सिंह नूनिया के निदेर्शानुसार, ईटी विंग प्रभारी डॉ. मनोज पुरी, प्रशिक्षण कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विनोद भट्टू एवं डाइट विषय विशेषज्ञ चंद्र प्रकाश शर्मा की देखरेख में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, डिंग, सिरसा में विद्यालय मुखियाओं के लिए आयोजित 5 दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का समापन विभिन्न महत्वपूर्ण एवं समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञ सत्रों के साथ हुआ।
समापन दिवस की शुरूआत डाइट विषय विशेषज्ञ चंद्र प्रकाश शर्मा ने की। उन्होंने दिनभर की प्रशिक्षण रूपरेखा से प्रतिभागियों को अवगत करवाया तथा पिछले दिन की गतिविधियों पर प्रतिभागियों से प्रतिपुष्टि लेते हुए उनके अनुभवों एवं सुझावों को साझा करवाया। प्रशिक्षण सत्र में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के शिक्षा विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. सतपाल ने 'मेरा विद्यालय आपदा प्रबंधन योजना' विषय पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए विद्यालयों में आपदा प्रबंधन की पूर्व तैयारी, जोखिम की पहचान, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई तथा विद्यार्थियों एवं विद्यालय कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में प्रभावी आपदा प्रबंधन योजना होना समय की आवश्यकता है।
इसके पश्चात हरियाणा उच्चतर शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं वर्तमान में श्री श्याम महाविद्यालय, अर्जनसर, बीकानेर (राजस्थान) के प्राचार्य डॉ. सी.एल.जस्सू ने 'विद्यालय नेतृत्व के लिए संसाधन प्रबंधन एवं सामुदायिक सहभागिता' विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग, मानव संसाधन प्रबंधन, सामुदायिक सहभागिता तथा अभिभावकों एवं स्थानीय समुदाय के सहयोग से विद्यालय विकास को नई दिशा देने के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का उचित नियोजन और समुदाय की सक्रिय भागीदारी विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
समापन सत्र में डाइट प्रभारी सुरेंद्र सिंह नूनिया ने सभी विशेषज्ञों एवं प्रतिभागी विद्यालय मुखियाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यालय मुखियाओं में नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता एवं प्रबंधन कौशल का विकास करना है। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं अनुभवों को अपने-अपने विद्यालयों में व्यावहारिक रूप से लागू करने का आह्वान करते हुए कहा कि एक सक्षम एवं दूरदर्शी विद्यालय मुखिया ही विद्यालय को उत्कृष्टता की ओर अग्रसर कर सकता है। अंत में प्रतिभागियों का पोस्ट टेस्ट का आयोजन किया गया और उनसे फीडबैक भी लिया गया।
-प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए अपने अनुभव भी साझा किए। पांच दिवसीय कार्यक्रम का समापन सकारात्मक ऊर्जा, नवीन दृष्टिकोण एवं विद्यालयों में प्रभावी नेतृत्व के संकल्प के साथ हुआ।
-डॉ. विनोद भट्टू, समन्वयक जिला विद्यालय नेतृत्व केंद्र (डीसीएसएल), सिरसा।