घोषणा के बाद भी कर्मचारियों को नहीं मिला 'जॉब सिक्योरिटी एक्ट' का लाभ:  कासनीया

 

​सिरसा  (      ) हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा देने के वादे पर अभी तक अमल न होने को लेकर सियासत गरमाने लगी है। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के ऐलनाबाद हल्का अध्यक्ष अनिल कासनीया ने इस मुद्दे पर प्रदेश सरकार की कड़े शब्दों में निंदा की है और इसे कर्मचारियों के साथ विश्वासघात बताया है।

​ प्रेस को जारी एक बयान  में जजपा नेता अनिल कासनीया ने कहा कि सरकार ने पिछले वर्ष 15 अगस्त 2024 को बड़े जोर-शोर से घोषणा की थी कि विभिन्न विभागों में लगे अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) और कच्चे कर्मचारियों को 'जॉब सिक्योरिटी एक्ट' के तहत सुरक्षित किया जाएगा। लेकिन बड़े दुख की बात है कि इतने महीने बीत जाने के बाद भी सरकार द्वारा इस संबंध में कोई आधिकारिक पत्र (नोटिफिकेशन) जारी नहीं किया गया है।

​ उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार केवल खोखली घोषणाएं करके सुर्खियां बटोरना चाहती है, जबकि धरातल पर कर्मचारियों को उनका हक देने के नाम पर केवल इंतजार करवाया जा रहा है। पत्र जारी न होने से हजारों कर्मचारियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। 

 कासनीया ने सरकार से मांग की है कि वह बिना किसी देरी के तुरंत प्रभाव से 'जॉब सिक्योरिटी एक्ट' का ऑफिशियल लेटर जारी करे, ताकि सालों से विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को मानसिक तनाव से मुक्ति मिल सके और उनका भविष्य सुरक्षित हो। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर सरकार ने जल्द ही इस पर संज्ञान नहीं लिया, तो जजपा कर्मचारियों के अधिकारों के लिए आंदोलन करने पर मजबूर होगी ।