सीडीएलयू सिरसा के विधि विभाग में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा 28 जून को
mahendra india news, new delhi
सिरसा। चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू), सिरसा के विधि विभागाध्यक्ष डॉ. रोहतास ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.ए. एलएल.बी. (5 वर्षीय एकीकृत पाठ्यक्रम) में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा 28 जून 2026 (रविवार) को प्रात: 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा का परिणाम 29 जून 2026 को घोषित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा 100 अंकों की होगी, जिसमें जनरल इंग्लिश से 15 अंक, लीगल एप्टीट्यूड से 30 अंक, रीजनिंग से 20 अंक, सामान्य ज्ञान से 20 अंक तथा समसामयिक घटनाओं से 15 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। डॉ. रोहतास ने बताया कि प्रवेश परीक्षा में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत, ओबीसी वर्ग के लिए 42 प्रतिशत तथा एससी/डीएससी/एसटी वर्ग के लिए 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना आवश्यक होगा। प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर श्रेणीवार मेरिट सूची तैयार की जाएगी। उन्होंने आगे बताया कि प्रथम मेरिट सूची 1 जुलाई 2026 को जारी की जाएगी तथा चयनित अभ्यर्थी 3 जुलाई 2026 तक आॅनलाइन फीस जमा कर सकेंगे।
द्वितीय मेरिट सूची 4 जुलाई को जारी होगी, जिसके लिए फीस जमा करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई निर्धारित की गई है। तृतीय मेरिट सूची 8 जुलाई को प्रदर्शित की जाएगी तथा चयनित अभ्यर्थी 10 जुलाई तक फीस जमा कर सकेंगे। रिक्त सीटों का विवरण 11 जुलाई को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसके पश्चात 13 जुलाई 2026 को भौतिक काउंसलिंग आयोजित की जाएगी तथा इस प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थी 14 जुलाई 2026 तक फीस जमा कर सकेंगे।
डॉ. रोहतास ने बताया कि पाठ्यक्रम की कक्षाएं 7 जुलाई 2026 से प्रारंभ होंगी। उन्होंने विद्यार्थियों से समय पर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने तथा प्रवेश परीक्षा की तैयारी निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह समस्त प्रवेश प्रक्रिया चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संचालित की जा रही है। कुलपति के निर्देशन में विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा एवं पारदर्शी प्रवेश व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।