लोकतंत्र के लिए एक-एक वोट कीमती, कोई भी जायज वोट न कटे – दुष्यंत चौटाला
mahendra india news, new delhi
हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि लोकतंत्र की असली ताकत आपका मत होता है और हर नागरिक का एक-एक वोट हमारे लोकतंत्र को मजबूत बनाता है इसलिए चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के दौरान कोई भी जायज वोट न कटे। रविवार को दुष्यंत चौटाला डबवाली हलके में आयोजित जेजेपी बीएलएल-2 की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, हरियाणा खादी बोर्ड के पूर्व चेयरमैन राजेंद्र लितानी, जेजेपी युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी बीएलए-2 को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि एसआईआर के तहत पहले चरण का कार्य पूरा हो चुका है और अब विसंगतियां दूर करने का मौका मतदाता को मिलेगा, ऐसे में जेजेपी के बूथ लेवल एजेंट बूथ स्तर पर वोटों की निगरानी करके किसी भी जायज मतदाता के वोट को कटने न दें।
बैठक में जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूती बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा घर-घर जाकर पार्टी का प्रचार-प्रसार करें और कार्यकर्ताओं की मेहनत से निश्चित तौर पर आने वाला समय जेजेपी का होगा। इस दौरान जेजेपी युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि डबवाली हलके के बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुई है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया और कहा कि बैठक में डबवाली हलके सभी 213 बूथों से बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के समर्पण का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि हर बूथ की मजबूत भागीदारी ने आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं के उत्साह, एकजुटता और संकल्प को और मजबूती दी है।
बैठक को पूर्व विधायक, रमेश खटक,पूर्व चेयरमैन राजेंद्र लितानी,जेजेपी , जिला अध्यक्ष अशोक वर्मा, रवींद्र सांगवान सर्वजीत मसीतां सहित कई नेताओं ने भी सम्बोधित किया।