किसान वेदप्रकाश सब्जी की खेती कर बना लखपति, गुणवत्ता और जहर मुक्त सब्जी के लोग हो रहे हैं दीवाने

 

 mahendra india news, new delhi
सिरसा जिले के गांव भूना निवासी किसान वेद प्रकाश सब्जियां बेचकर लखपति बन गया है। गुणवत्ता और जहरमुक्त सब्जी के लोग भी दीवाने हो रहे हैं। सब्जी का स्वाद व गुणवता स्वत: ही ग्राहकों को उसके खेत तक ले आते हैं, किसान खेत में ही सब्जियों को बेचकर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं। वहीं ग्राहकों को मांग के अनुसार ताजा सब्जी उपलब्ध करवाई जाती है।

किसान द्वारा लगाई गई सब्जी देशी किस्म व स्वादिष्ट होने के कारण जो व्यक्ति एक बार सब्जी खरीद लेता है वह पुन: सब्जियों के लिए खेत की ओर दौड़ा चला आता है। उसने बताया कि सब्जियां खरीदने के लिए आस-पास के गांव चक्कां, भूना, रिसालिया, मम्मड़ खेड़ा, बचेर, खारियां, खेड़ा, खाई शेरगढ़, पन्नीवाला मोटा, केहरवाला, सादेवाला, कालांवाली व सिरसा शहर से भी लोग पहुंचते हैं।

किसान वेद प्रकाश ने बताया कि प्रति वर्ष डेढ़ से 2 लाख रुपये खर्च कर 5-6 एकड़ भूमि ठेके पर लेकर परंपरागत नरमे व कपास खेती करता रहा, लेकिन हर वर्ष कम पैदावार होती थी। इन फसलों पर बढ़ता बीमारियों का प्रकोप, महंगी चुगाई और घटते उत्पादन से वह कर्जदार होता गया। इससे परेशान वेद प्रकाश ने नरमा व कपास की खेती छोड़कर खुद की एक एकड़ भूमि पर सब्जी लगाने का कार्य शुरू किया।

किसान की मेहनत व किस्मत ने ऐसा साथ दिया कि मात्र 2 सालों में वह कर्जमुक्त होकर फर्श से अर्श की ओर बढ़ने लगा। किसान वेद प्रकाश की मानें तो सब्जी की खेती में मेहनत काफी ज्यादा लगती है, लेकिन एक एकड़ में 40 हजार रूपए खर्च करने के बाद करीब सवा लाख रूपये तक की शुद्ध बचत हो जाती है। किसान वेद प्रकाश ने बताया कि वह साल में गर्मी व सर्दी दोनों मौसम की सब्जी लगाता है। जिसके लिए एक एकड़ भूमि को चार भागों में बांटकर उसमें अगेती व पछेती किस्मों के अनुसार सब्जी लगाता है, ताकि सब्जी उत्पादन में निरंतरता बनी रहे।