ढेंचा बीज पर अनुदान का लाभ लेने के लिए किसान 25 अप्रैल तक करें आवेदन
Farmers should apply by April 25 to avail subsidy on Dhaincha seeds.
सिरसा, 21 अप्रैल।
फसल विविधिकरण राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत जिला में हरी खाद को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार एकड़ का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके तहत कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा ढेंचा की बिजाई पर किसानों को बीज पर अनुदान दिया जा रहा है। अनुदान का लाभ लेने के लिए किसान 25 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डा. सुखदेव सिंह ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को फसलडॉटहरियाणाडॉटजीओवीडॉटइन पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाना होगा। किसान स्वयं खुले बाजार से हरी खाद हेतु ढेंचा बीज, दालें (मूंग, उड़द, लोबिया, मोठ, अरहर और सोयाबीन) और ग्वार खरीद कर बिजाई उपरान्त अनुदान प्राप्त करने के लिए मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर बोए गए ढेंचा आदि के खेत की फोटो अपलोड करनी होगी। इसका सत्यापन विभाग के अधिकारियों द्वारा खेतों में जाकर किया जाएगा।
सत्यापन उपरान्त किसानों को 1000/- रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि डीबीटी के माध्यम से किसान के बैंक खाता में स्थानांतरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि हरी खाद सबसे अच्छा व कम लागत वाला खाद है जिसके माध्यम से किसान अपनी भूमि की उपजाऊ क्षमता को बढ़ा सकते हैं। हरी खाद के उपयोग से मृदा के स्वास्थ्य में जैविक, रासायनिक तथा भौतिक सुधार होता है व भूमि की जल धारण क्षमता में भी बढ़ोतरी होती है। उन्होंने जिला के किसानों से अपील की है कि वे भूमि की उर्वरता शक्ति की बढ़ोतरी के लिए इस योजना का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए किसान अपने नजदीकी खंड कृषि अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।