किसान रबी फसलों का मेरी फसल मेरा-ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाएं 

 
Farmers should register their Rabi crops on the Meri Fasal Mera Byora portal
 

Mahendra india news, new delhi
रबी 2025-26 फसलों का मेरी फसल मेरा-ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाया जा रहा है। किसान अपनी फसलों का ब्यौरा दर्ज कर पंजीकरण करवा सकते हैं। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप कृषि निदेशक डा. सुखदेव सिंह ने बताया कि अब तक जिला के 106047 किसानों द्वारा 738652 एकड़ का पंजीकरण करवाया गया है।

उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा किसान कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी फसल पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। साथ ही यूरिया, डीएपी खाद की उपलब्धता के लिए प्रत्येक किसान को मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अति आवश्यक है।

केवल मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों की रबी फसलों को हरियाणा सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद किया जाएगा। ऐसे में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने व रबी फसलों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए जरूरी है कि किसान उक्त पोर्टल पर अपनी बोई गई फसल का ब्यौरा समय पर दर्ज करवाकर पंजीकरण अवश्य करवाए। उन्होंने बताया कि जल्द ही हरियाणा सरकार द्वारा मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण की सेवाएं बंद कर दी जाएगी।


उन्होंने बताया कि फसलों का पंजीकरण करवाने के लिए संबंधित किसान के पास पीपीपी आईडी होना अनिवार्य है। इस बारे अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए किसान टोल फ्री नंबर 1800-180-2117 या संबंधित खंड कृषि कार्यालय पर भी संपर्क कर सकते है।

रबी फसलों के पंजीकरण के लिए किसान गांव में स्थित कामन सर्विस सेंटर/अटल सेवा केंद्र व स्वयं अपने मोबाईल से फसलडॉटहरियाणाडॉटजीओवीडॉटइन पोर्टल पर करवा सकते हैं ताकि किसानों को फसल बेचने में कोई परेशानी न हो। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पोर्टल बंद होने से पहले अपनी रबी फसलों का पंजीकरण का कार्य पूर्ण करके विभागीय योजनाओं का लाभ उठाएं व समय पर अपनी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेचकर मुनाफा कमाए।