किसान के बेटे ने UPSC में लहराया परचम, मोहित ने लास्ट अटेम्प्ट में  717वीं रैंक हासिल की

 
mahendra india news, new delhi

संघ लोक सेवा आयोग ने परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में पानीपत जिले के गांव बड़ौली निवासी मोहित मिट्टान ने संघ यूपीएससी की परीक्षा में 717वीं रैंक हासिल की है। ऐसा कर मोहित ने अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। मोहित ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही सरकारी स्कूल से प्राप्त की।

जानकारी के अनुसार मोहित ने पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई गांव में ही की, इसके बाद छठी कक्षा में पानीपत स्थित आर्य बाल भारती स्कूल में दाखिला लिया। यहीं से उन्होंने बाहरवीं कक्षा तक की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरूक्षेत्र से स्नातक की डिग्री हासिल की। 

उन्होंने एमएससी की परीक्षा भी दी है। परीक्षा में अच्छी रैंक हासिल करने पर मोहित ने बताया कि यूपीएससी के लिए यह उनका अंतिम प्रयास था। इससे पहले भी उन्होंने परीक्षा दी थी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और लगातार कड़ी मेहनत करते रहे और कामयाबी हासिल की। मोहित ने अपनी तैयारी मुख्य रूप से ऑनलाइन माध्यम से की। बताया कि पहले के प्रयासों में असफलता मिलने के कारण उनका आत्मविश्वास कुछ कम हो गया था, लेकिन परिवार के सहयोग और हौसला बढ़ाने से उन्होंने दोबारा पूरी मेहनत के साथ तैयारी शुरू की और अंतत: सफलता हासिल की।


पिता है किसान 
मोहित के पिता ओमप्रकाश किसान हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है। इसके बावजूद उन्होंने बेटे की पढ़ाई में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। उनके पिता ने उनकी पढ़ाई के लिए ऋण लेकर भी सहयोग किया। उनकी माता गृहिणी हैं और घर की जिम्मेदारियां संभालते हुए हमेशा उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित करती रहीं। मोहित का एक जुड़वा भाई भी है, जो पढ़ाई कर रहा है।