सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम के आवेदन कर्ता किसानों को ना तो कनेक्शन मिला और ना ही तीन महीनों से पेमेंट वापस मिल रही है: लखविंदर सिंह औलख
mahendra india news, new delhi
बीकेई प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख की अध्यक्षता में गत दिवस झोरड़ रोही गांव में किसानों की मीटिंग हुई, जिसमें सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम हेतु जमा करवाई गई राशि सोलर कनेक्शन ना मिलने वाले किसानों को तुरंत वापस करने के लिए ई-मेल के माध्यम से अतिरिक्त उपायुक्त सिरसा को मांग पत्र भेजा। औलख ने कहा कि सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम आवेदनकर्ता किसानों को जिनका वर्क आर्डर में नाम नहीं है और किसानों ने जमा राशि वापस लेने के लिए आवेदन भी दिया है, उन्हें विभाग पेमेंट वापसी के लिए बार-बार चक्कर कटवा रहा है।
हरियाणा के किसानों ने सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम लगवाने के लिए आवेदन के साथ 10 एचपी डीसी सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम के लिए 109924/- रुपए और 3 एचपी से लेकर 10 एचपी तक अलग-अलग कैटेगरी के आवेदन कर्ता किसानों ने सरकार को आवेदन राशि दिसंबर 2025 में ही भेज दी थी। हरियाणा में 27973 किसानों ने सोलर लगवाने के लिए आवेदन किया था, जिसमें से 8050 किसानों को सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम लगाने का वर्क आर्डर जारी हुआ है, बाकी 19923 किसानों की लगभग 170 करोड़ जमा राशि तीन महीनों से सरकार के पास पड़ी है, जिसका किसानों को वापसी भुगतान नहीं किया जा रहा है।
सिरसा जिले के हजारों किसानों की जमा राशि भी इसी में शामिल है। किसानों को सोलर कनैक्शन भी नहीं मिला और वह अपनी जमा राशि वापस लेने के लिए बार-बार विभाग के चक्कर काट रहे हैं। औलख ने अतिरिक्त उपायुक्त से मांग पत्र के माध्यम से सोलर कनैक्शन से वंचित सभी किसानों को पेमेंट जल्द से जल्द जारी करने की अपील की और जब भी वर्ष 2026 में पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर कनैक्शन की नई स्कीम आए,
उसमें दिसंबर 2025 के आवेदन कर्ता किसानों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि सोलर कनैक्शन से वंचित किसानों को कनैक्शन मिल सके और तब तक सभी आवेदन कर्ता किसानों की जमा राशि उनके बैंक खातों में वापस डाली जाए। इस मौके पर बीकेई हलका प्रधान नत्था सिंह, पूर्व सरपंच नछत्तर सिंह, दर्शन सिंह, संदीप सिंह, कुलदीप सिंह, तेजा सिंह, अंग्रेज सिंह, रघुबीर सिंह, गुरप्रीत सिंह, कुलदीप सिंह, गुलाब सिंह, अमरीक सिंह, सुखदीप सिंह, निका सिंह, रणधीर सिंह, गगी आदि किसान मौजूद रहे।