सीएमआरजे महाविद्यालय में पांच दिवसीय कार्यशाला शुरू
mahendra india news, new delhi
सी.एम.आर.जे. राजकीय महाविद्यालय में महिला सशक्तिकरण एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला प्रकोष्ठ तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कटिंग, टेलरिंग एवं सिलाई कार्यशाला का आगाज किया गया।
प्रशिक्षक का स्वागत करते हुए महिला प्रकोष्ठ एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ समिति की प्रभारी सुरेश कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं के लिए कौशल आधारित शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाकर न केवल आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त करती हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास करती हैं।
उन्होंने प्रशिक्षक को सम्मानित करते हुए उनके अनुभव से छात्राओं को अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यशाला के पहले दिन प्रशिक्षण का संचालन प्रशिक्षक साहिब -ए-बुटीक से मिस मंदीप सग्गू द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं को सिलाई के टूल्स,कपड़े की माप, सूट का माप कैसे लेना है, डिजाइन के अनुसार कटिंग तथा सिलाई मशीन के सही एवं सुरक्षित उपयोग की जानकारी देते हुए व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया और इसे अपने भविष्य के लिए उपयोगी बताया। कार्यशाला के सफल आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षकगण, महिला प्रकोष्ठ के सदस्यों एवं स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।