CDLU SIRSA के 5 शोधार्थियों का हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉलेज कैडर) कॉमर्स के पद पर चयन
mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कॉमर्स विभाग के लिए गौरव का विषय है कि विभाग के पांच शोधार्थियों का हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉलेज कैडर) इन कॉमर्स के पद पर चयन हुआ है। हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित अंतिम परिणाम में विभाग के पांच शोधार्थियों कुणाल, कैलाश चंद्र, आंचल, महक तथा दीक्षा ने सफलता प्राप्त कर विश्वविद्यालय एवं विभाग का नाम रोशन किया है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार तथा कुलसचिव डॉ सुनील कुमार ने सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
विभागाध्यक्ष प्रो. कपिल चौधरी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि एक ही चयन सूची में विभाग के पांच शोधार्थियों का असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयन होना अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है। यह उपलब्धि शोधार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और विभाग द्वारा प्रदान किए जा रहे गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सफलता विभाग के अन्य शोधार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है और उन्हें अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा देगी।
प्रो. कपिल चौधरी ने कहा कि इन शोधार्थियों का चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह विभाग की अकादमिक परंपरा और शोध-उन्मुख वातावरण की सफलता को भी दर्शाता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपने ज्ञान, शोध अनुभव और अकादमिक मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। विभाग के प्राध्यापक प्रो. डी.पी. वार्ने, प्रो. सुरेंद्र सिंह, प्रो. शैलेंद्र सिंह तथा डॉ. कमलेश रानी ने सभी चयनित शोधार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।