पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का आरोप, पुलिस की मंशा संदिग्ध, बोले सोमवार तक कार्रवाई न हुई तो जाएंगे कोर्ट 

 
Mahendra india news, new delhi

हिसार विवाद प्रकरण को लेकर हरियाणा पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चंडीगढ़ प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत ने कहा कि पुलिस की मंशा सही नहीं थी और केस में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दुष्यंत चौटाला ने सीएम नायब सिंह सैनी से मांग की कि गृह सचिव की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाए और हिसार के पुलिस अधीक्षक का तुरंत तबादला किया जाए।

पूर्व डिप्टी सीएम चौटाला ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो वे कोर्ट का रुख करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट में कई तथ्य गलत हैं, जिन्हें सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट देखा जा सकता है। उनके मुताबिक CIA इंस्पेक्टर पवन ऑफ ड्यूटी होने के बावजूद उनके काफिले में शामिल हुए और हथियार भी दिखाया। यदि कोई विवाद था तो पुलिस को थाना  में बातचीत करनी चाहिए थी क्योंकि वे खुद कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंच गए थे।


इसी के साथ ही दिग्विजय चौटाला ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आंदोलन का नेतृत्व करने के बावजूद उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया, जबकि कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इनसो की गतिविधियों में बाधा डाल रही है।

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में प्रदर्शन के दौरान गमले टूटने के मामले में दिग्विजय चौटाला सहित 8 नेताओं पर मामला दर्ज किया गया, जबकि पुलिस ने रात्रि में छापेमारी कर कार्यकर्ताओं को परेशान किया। महिला जिला अध्यक्ष के आवास में बिना महिला पुलिसकर्मियों के प्रवेश कर उनके पति को गिरफ्तार करने का भी आरोप लगाया गया।

दुष्यंत ने दावा किया कि एसपी कार्यालय जाते वक्त उनके काफिले को अज्ञात वाहनों ने रोका और धमकाया गया जिसमें कुछ पुलिस कर्मचारी शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस जांच के बजाय आरोपियों को बचाने में लगी है और सीसीटीवी फुटेज तक हटाई जा रही है।