यात्रियों के लिए राहत भरी खबर, 20 नई रोडवेज बसें चलेगी, बंद पड़े रूट फिर से होंगे शुरू
हरियाणा रोडवेज की नई बसें रेवाड़ी डिपो में मिलने जा रही है। डिपो को जल्द ही 20 सामान्य बसें मिलने वाली है। नई बसें मिलने से जहां लंबे वक्त से बंद पड़े एक दर्जन के करीबन रूटों पर फिर से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। डिपो में वर्तमान में 177 बसों का बेड़ा निर्धारित किया हुआ है, लेकिन डिपो में वर्तमान में 153 बसें ही मौजूद हैं, जिनमें से भी पांच से सात आए दिन बसें कार्यशाला में मेंटेनेंस के लिए खड़ी रहती हैं। ऐसे में पूरी क्षमता के साथ बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। वहीं डिपो में लंबे समय से चालक-परिचालकों की भी कमी बनी हुई है।
बता दें कि बंद रूट के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती बसों की लगातार मिल रही डिमांड और बंद पड़े रूटों को देखते हुए स्थानीय अधिकारियों की तरफ से मुख्यालय को नई बसों को लेकर डिमांड भेजी गई थी, जिसे परिवहन मुख्यालय की तरफ से मान लिया गया है। अब गुरुग्राम स्थित रोडवेज की वर्कशाप में बसों बाडी तैयार की जा रही है। मई माह से डिपो में बसें आना शुरू हो जाएंगी।
जानकारी के अनुसार रेवाड़ी डिपो में एक दर्जन से अधिक रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित चल रही हैं। इनमें मुख्य रूप से रेवाड़ी-कोसली, महेंद्रगढ़, नारनौल, पटौदी, कोटकासिम, मथुरा, कोसली-मुरादाबाद, कोसली-खाटूश्याम, कोसली-अलवर आदि रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित हैं। अब मई माह में बीएस-6 मानक की 20 बसें मिलने से उनका लंबे और ग्रामीण रूटों पर बसों का संचालन किया जा सकेगा।
निरंजन कुमार, महाप्रबंधक रोडवेज ने बताया कि बसों को लेकर कुछ माह पहले मुख्यालय को डिमांड भेजी थी। अगले माह में डिपो को बसें मिलने की संभावना है। बसें मिलने के बाद उनका रूटों पर मांग अनुसार संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।