बीएलओ से मारपीट के विरोध में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ उपायुक्त को सौंपेगा ज्ञापन, बीएलओ के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार करने वाला आरोपी गिरफ्तार
mahendy
आॅन ड्यूटी बीएलओ से मारपीट व दुर्व्यवहार के मामले में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जिला सिरसा (संबद्ध: अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ-एआईपीटीएफ) द्वारा कल (13 जुलाई 2026) को जिला उपायुक्त सिरसा को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। संघ के जिला प्रधान विजय शर्मा ने बताया कि नाथूसरी चौपटा में भारत निर्वाचन आयोग के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान आॅन-ड्यूटी जेबीटी शिक्षक एवं बीएलओ हरपाल सिंह के साथ हुई घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, हिंसक व जानलेवा है। मारपीट के विरोध में और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संदर्भ में ही संघ द्वारा ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया है।
शिक्षकों की मांग है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और बीएलओ ड्यूटी केवल निर्धारित बूथों पर ही करवाई जाए। वहीं नाथूसरी चोपटा थाना पुलिस ने मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए राजकीय कार्य (चुनाव आयोग के तहत एसएसआर/बीएलओ ड्यूटी) में बाधा डालने और आॅन-ड्यूटी कर्मचारी के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार करने के मुख्य आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान धर्मवीर सिंह मोठिया पुत्र निवासी भट्टू रोड, नाथूसरी कलां, सिरसा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने कहा कि किसी भी सरकारी कर्मचारी, विशेषकर चुनाव जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में लगे अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार या हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की आगे की जांच जारी है।
क्या है पूरा मामला:
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि गत 10 जुलाई 2026 को शिक्षक हरपाल सिंह जब मतदाताओं के घर-घर जाकर फॉर्म लेने और सत्यापन का कार्य कर रहे थे, तभी आरोपी धर्मवीर मोठिया द्वारा उनके साथ सरेआम गाली-गलौज, दुर्व्यवहार और जानलेवा हमला किया गया। इस संबंध में थाना नाथूसरी चौपटा में एफआईआर नंबर 0149 (धारा 121(1), 132, 221) के तहत मामला दर्ज किया जा चुका है। इस घटना के बाद से पूरे शिक्षक समुदाय में भारी असुरक्षा, भय और मानसिक तनाव का माहौल है।