ग्रामीण मेडिकल प्रैक्टिशनरों को सरकार दे प्रैक्टिस का अधिकार – राजपाल वर्मा
mahendra india news, new delhi
आयुर्वेदिक अनुभवी चिकित्सक समाज समिति की मासिक बैठक का आयोजन सिरसा के युवक साहित्य सदन में किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष कर्मबीर ने की, जबकि इसमें राज्य प्रधान राजपाल वर्मा एवं जिला प्रधान कश्मीर सिंह करीवाला ने मुख्य रूप से शिरकत की।
बैठक को संबोधित करते हुए राज्य प्रधान राजपाल वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत मेडिकल प्रैक्टिशनर समाज की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद वे डर के साए में रहकर प्रैक्टिस करने को मजबूर हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि इन प्रैक्टिशनरों को गांवों में कार्य करने का वैध अधिकार दिया जाए, ताकि ग्रामीण जनता को सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे इन प्रैक्टिशनरों को नजरअंदाज करना उचित नहीं है।
वहीं जिला प्रधान कश्मीर सिंह करीवाला ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन लंबे समय से मेडिकल प्रैक्टिशनरों की मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है, लेकिन अब तक किसी भी सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया है।
बैठक के दौरान संगठन के सदस्यों को सदस्यता पत्र भी वितरित किए गए। इस मौके पर जिला उपप्रधान भूप सिंह चाड्डीवाल, दिनेश मीरपुर, चतर सिंह जोधकां, विनोद नाथूसरी, छत्रपाल पनिवाला, द्वारका प्रसाद पन्नीवालिया , राजेंद्र बाजेकां, प्रेम प्रकाश मेहता सहित जिले भर के अनेक मेडिकल प्रैक्टिशनर उपस्थित रहे।