जायदाद के लिए पोते ने कर दी दादा की निर्मम हत्या, लाठी-डंडों से किए वार
हरियाणा प्रदेश के हांसी में दादा की पोते ने निर्मम हत्या कर दी है। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना गांव कुंभा में हुई। जहां पर 80 साल के बरखा राम की उनके पोते अंकित ने डंडों से पीट-पीट कर मर्डर कर दिया। पुलिस ने बुआ की शिकायत पर भतीजे के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, आरोपी पोते को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में विवाद जमीन को लेकर बताया जा रहा है। घटना गुरुवार देर रात्रि करीबन दस बजे की बताई जा रही है। बुजुर्ग को पहले उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर उनके परिजन मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि बरखा राम अधिकतर वक्त अपनी बेटियों के पास रहते थे और करीबन 15 दिन पहले ही गांव में वापस आए थे। पुलिस को दी शिकायत में हिसार के सेक्टर 1 निवासी कमलेश ने बताया कि वह 2 भाई व 3 बहने हैं। तीनों बहने हिसार में शादीशुदा हैं। पिता बरखा राम गांव में अपने बेटे रामफल के पास रहता था। गुरुवार रात्रि करीबन दस बजे उन्हें सूचना मिली की अंकित ने उनके पिता बरखा राम को चोट मारी है। जिसको उपचार के लिए हांसी लेकर गए हैं।
सूचना पर वह अपनी बहन चंद्रपति के साथ हिसार से कुंभा में रात्रि करीबन 12:30 बजे पहुंचीं। तब उन्हें आस-पड़ोस के लोगों ने बताया कि उनके पिता को अंकित ने डंडों से चोट मारकर मर्डर कर दिया है। उनके पिता ने उन्हें पहले ही बतलाया था कि अंकित उसे मकान को अपने नाम करवाने के लिए बार-बार परेशान करता है। न ही वक्त पर खाना खाने देता है और बात-बात पर उसे घर से निकालने की धमकी देता था। उनके मुताबिक अंकित ने ही डंडे से चोट मारकर उनकी हत्या की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।