नशे के खिलाफ हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट का शंखनाद: 5 अप्रैल को रंगड़ी से होगी शुरुआत
Mahendra india news, new delhi
सिरसा। समाज में पैर पसारती नशे की बुराई को जड़ से खत्म करने और युवा पीढ़ी को एक सकारात्मक दिशा देने के लिए हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट ने सिरसा स्पोर्ट्स एंड फिटनेस फाउंडेशन के साथ मिलकर एक बड़ी मुहिम का आगाज किया है। ट्रस्ट द्वारा आगामी 5 अप्रैल को सिरसा के गांव रंगड़ी में "माता सुशीला देवी कबड्डी टूर्नामेंट" का आयोजन किया जा रहा है, जो नशे के खिलाफ इस जंग का पहला पड़ाव होगा। इस विशेष खेल आयोजन का भव्य शुभारंभ उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ राजनेता प्रोफेसर गणेशी लाल जी के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।
उनकी उपस्थिति युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और खेल के प्रति उनके उत्साह को दोगुना करेगी। ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला ने इस मौके पर कहा कि ट्रस्ट ने युवाओं को नशे की गर्त से बाहर निकालने के लिए दो मुख्य रणनीतियों पर काम करने का निर्णय लिया है। माता सुशीला देवी कबड्डी टूर्नामेंट' के माध्यम से युवाओं को मैदान से जोड़ा जाएगा। ट्रस्ट का मानना है कि जब युवा खेलों में अपना समय और पसीना बहाएगा, तो वह शारीरिक और मानसिक रूप से इतना सुदृढ़ होगा कि नशे जैसी बुराइयां उसे छू भी नहीं सकेंगी। आने वाले समय में सिरसा के विभिन्न गांवों में इस टूर्नामेंट की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
खेलों के साथ-साथ ट्रस्ट गांवों और बस्तियों में भजन संध्या का भी आयोजन करेगा। इसका उद्देश्य युवाओं को धार्मिक विचारों और संस्कारों से जोड़ना है। भगवान में श्रद्धा और आध्यात्मिक जुड़ाव युवाओं के मन को शांत करेगा और उन्हें अनैतिक रास्तों पर जाने से रोकेगा। मनीष सिंगला ने यह कहा कि केवल एक दिन का आयोजन नहीं है, बल्कि एक निरंतर चलने वाला अभियान है। रंगड़ी से शुरू होकर यह मशाल सिरसा के हर उस गांव और बस्ती तक पहुंचेगी जहाँ युवा शक्ति को मार्गदर्शन की आवश्यकता है।
इस मौके पर उनके साथ गांव रंगड़ी खेड़ा के सरपंच प्रतिनिधि अंग्रेज सिंह, सिरसा स्पोर्ट्स एंड फिटनेस फाउंडेशन के अध्यक्ष कुलदीप सिंह, उपाध्यक्ष देविंदर कुमार, सचिव राजकुमार, सदस्य नवीन कुमार, पूर्व सैनिक अनिल कुमार, निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, योगेश बिजारनिया भी मौजूद थे।