हरियाणा में पुलिस कर्मचारी ने पागल कुत्ते पर चला दी गोली, व्यक्ति को लगी; केस दर्ज 

 
mahendra india news, new delhi

फतेहाबाद जिला के गांव धारनियां में एक पुलिस कर्मचारी ने पागल कुत्ते पर गोली चला दी, इसके बाद गोली ईंट से टकराने के बाद दो एकड़ दूर खड़े व्यक्ति को जा लगी। इससे व्यक्ति घायल हो गया। जिस पर घायल व्यक्ति को पहले अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया और अब उसका उपचार हिसार के निजी अस्पताल में चल रहा है।


जानकारी के अनुसार फतेहाबाद सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सिरसा निवासी पुलिस कर्मचारी प्रदीप कुमार गांव धारनियां में मकान बनाने का कार्य कर रहा है। वहीं 2 एकड़ दूर इंद्रपाल अपने खेत में कार्य कर रहा था। इस दौरान एक पागल कुत्ता आ गया।


पुलिस कर्मचारी ने प्रदीप ने अपनी लाइसेंसी राइफल से गोली चला दी, जो कुत्ते को लगने की बजाए ईंट पर जाकर लगी। गोली ईंट से टकराकर 2 एकड़ दूर खड़े इंद्रपाल के कंधे पर लगी। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि पुलिस कर्मचारी प्रदीप कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।