हरियाणा ही करेगा भाजपा से पीछा छुड़वाने की पहल: दिग्विजय सिंह चौटाला
कहा, गलत नीतियों से समाज का हर वर्ग त्रस्त
mahendra india news, new delhi
भाजपा से मुक्ति के लिए समाज के सभी वर्गों को होना होगा लामबंद
सिरसा। युवा जननायक जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से आज देश का हर वर्ग त्रस्त है और इससे छुटकारा चाहता है और इस छुटकारे की शुरूआत हरियाणा से ही होगी। वे मंगलवार को अपने प्रदेशव्यापी जन जन अभियान के तहत रानियां हलके के विभिन्न गांवों साहुवाला, कर्मगढ़, पन्नीवाला मोटा, मंगालिया, खारियां, सादेवाला, केहरवाला, मत्तुवाला, बणी व ओटू आदि में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि उनका यह जन जन अभियान हरियाणा के 1100 गांवों में युवा जेजेपी इकाई द्वारा चलाया जा रहा है। दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण ही आज प्रदेश का किसान परेशान होकर बायोमैट्रिक में उलझा है तो गरीब जनता फैमिली आईडी में उलझी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता जागरूक है और सत्ता परिवर्तन के लिए धीरे धीरे तैयार हो रही है मगर यह निश्चित है कि बदलाव हरियाणा से ही होगा। युवा जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के पास पिछले चुनाव में मौका था लेकिन कांग्रेस कमजोर हो चुकी है। उन्होंने भाजपा की बेकायदगियों पर कहा कि आज हरियाणा के युवाओं को नौकरियों में तरजीह देने की बजाए बाहरी राज्यों के लोगों को हरियाणा में नौकरियां दी जा रही हैं। हरियाणा के युवा आज बेरोजगार हैं और मौजूदा सरकार की नीतियों से निराश हैं। दिग्विजय सिंह चौटाला ने आज किसानों को उनकी फसल के रूप में मिलने वाली राशि का समय पर भुगतान नहीं हो रहा।
उन्होंने कहा कि पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सरकार में रहते हुए किसानों के खाते में सीधे किसानों की फसल का भुगतान करवाने का काम किया। इतना ही नहीं प्रत्येक व्यक्ति को स्वास्थ्य क्षेत्र का भरपूर लाभ मिले, इसके लिए सिरसा में मेडिकल कॉलेज स्थापित करवाया। महिला सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम उठाते हुए प्रदेश की महिलाओं को पंचायती चुनावों में अहम हिस्सेदारी दिलवाई। युवा जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने पुरजोर कहा कि इस जनविरोधी भाजपा से पीछा छुड़वाने के लिए समाज के सभी वर्गों को संगठित होकर लामबंद होना पड़ेगा। उधर, जेजेपी के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने भी सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से पार्टी की सबलता के लिए पार्टी संगठन में नए लोगों को जोडऩे का आह्वान किया और पार्टी की कल्याणकारी नीतियों को जन जन तक प्रचारित करें।