स्वस्थ दांत ही बेहतर जीवन की मजबूत नींव: डॉ. जय प्रकाश
जेसीडी डेंटल कॉलेज में विश्व ओरल हेल्थ मंथ का समापन
विद्यार्थियों ने दिया स्वस्थ मुस्कान का संदेश
Healthy teeth are a strong foundation for a better life: Dr. Jai Prakash
World Oral Health Month concludes at JCD Dental College
Students spread the message of a healthy smileसिरसा | 20 अप्रैल 2026
नेशनल डेंटल कमीशन के निर्देशों के तहत जेसीडी विद्यापीठ स्थित जेसीडी डेंटल कॉलेज में 20 मार्च से 20 अप्रैल तक वर्ल्ड ओरल हेल्थ माह एक्टिविटी एंड फेस्टिविटी 4.0 का आयोजन किया गया। एक माह तक चले इस विशेष जागरूकता अभियान की थीम ए हैप्पी माउथ इज ए हैप्पी लाइफ रही, जिसके माध्यम से स्वस्थ मुस्कान और बेहतर जीवनशैली का संदेश प्रभावी रूप से समाज तक पहुंचाया गया।
माहभर चली विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों और जागरूकता कार्यक्रमों के बाद सोमवार को अभियान का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में बीडीएस प्रथम वर्ष से लेकर अंतिम वर्ष तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह में जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जय प्रकाश मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम संयोजक के रूप में जेसीडी डेंटल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अरिंदम सरकार उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. सुधांशु गुप्ता, रजिस्ट्रार, जेसीडी विद्यापीठ, विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य तथा डेंटल कॉलेज के सभी स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे।
माहभर चले कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगोली, पोस्टर मेकिंग, ओरल हेल्थ प्लेज, नुक्कड़ नाटक, फेस पेंटिंग, आर्ट विद डेंटल मटेरियल, फैशन वॉक तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे सिंगिंग और डांसिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके साथ-साथ टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, शतरंज और क्रिकेट जैसी विभिन्न खेल गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य आम जनता को दांतों और मुंह की स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा ओरल हेल्थ के महत्व के बारे में शिक्षित करना रहा। विद्यार्थियों ने इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. जय प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ दांत और स्वच्छ मुंह अच्छे स्वास्थ्य की मजबूत नींव होते हैं। उन्होंने बताया कि नियमित ब्रशिंग, संतुलित आहार और समय-समय पर डेंटल चेकअप करवाने से कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा माहभर संचालित जागरूकता अभियानों और रचनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम समाज को दांतों के महत्व के बारे में जागरूक करने में बेहद प्रभावी साबित हुआ।
उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों ने लोगों तक यह संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया कि दांत मानव शरीर का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान न केवल लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं बल्कि युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने का भी सशक्त माध्यम बनते हैं।
डॉ. जय प्रकाश ने शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग की भी सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों की प्रेरणा और निरंतर समर्थन के बिना इस प्रकार के जागरूकता अभियान सफल नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और शिक्षकों की संयुक्त मेहनत से यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने में सफल रहा।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. अरिंदम सरकार ने कहा कि एक माह तक चले इस अभियान ने विद्यार्थियों को सीखने और समाज से जुड़ने का बेहतरीन अवसर प्रदान किया। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी कॉलेज समाज हित में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। बीडीएस फाइनल ईयर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विनर का खिताब अपने नाम किया।
अंत में विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें सामाजिक जागरूकता अभियान चलाने तथा ओरल हेल्थ से जुड़ी जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।
विद्यार्थियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया।