हरियाणा में काली घटा छाई, सिरसा सहित 8 जिलों में भारी बरसात का अलर्टर्, 2 जगह बाढ़ जैसे हालात, जानिए आज कैसा रहेगा हरियाणा में मौसम 

 
mahendra india news, new delhi

मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है। आसमान में सुबह से काली घटा छाई हुई है। इसी के साथ ही मंगलवार को कई स्थानों पर हरियाणा में बरसात हुई। वहीं कई स्थानों पर बरसात हो रही है। मौसम विभाग ने चंडीगढ़ सहित 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया। यहां गरज और चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। 24 घंटे के दौरान हरियाणा के महेंद्रगढ़, सिरसा और चंडीगढ़ में भारी बारिश होगी।

नमी की मात्रा अधिक होने के कारण उमस भरी गर्मी लोगों के पसीने छुड़वा रही है। 24 घंटे के दौरान सिरसा सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश में न्यूनतम तापमान 23 से 28 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।

वहीं पंजाब के 14 जिलों में बरसात का अलर्ट है। इसके अलावा, हिमाचल के 5 जिलों में मौसम का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।


हिमाचल के चुवाड़ी में सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान हिमाचल में चंबा के चुवाड़ी में सबसे ज्यादा 64 मिलीमीटर (एमएम) बरसात हुई है, जबकि चंबा जिला में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट नहीं था। सिरमौर के पांवटा में 38.2 एमएम, राजगढ़ में 32 एमएम, सलूणी में 22 एमएम, कागंड़ा में 11 एमएम, मनाली में 10 एमएम, धर्मपुर में 8 एमएम और देहरा में 8 एमएम बरसात हुई है।


हिमाचल के होटलों में ऑक्युपेंसी घटी
बारिश के अलर्ट के बाद हिमाचल के होटलों में ऑक्युपेंसी 90 फीसद से घटकर 40 फीसद रह गई है।

मनाली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने बताया कि ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी से पर्यटक डरे हुए हैं। हकीकत में पहाड़ों पर हल्की-हल्की बारिश हो रही है। बीते तीन दिन में कुल्लू जिला में उतनी ही बारिश हुई, जितनी गर्मी से राहत के लिए जरूरी थी। उन्होंने मौसम विभाग से ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी की समीक्षा करने का आग्रह किया है।


हिमाचल के इन जिलों में अलर्ट
हिमाचल के ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर जिले में आज भी भारी बारिश का अलर्ट है। अन्य जिलों में येलो अलर्ट दिया गया है।

महेंद्रगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश
सबसे ज्यादा बारिश महेंद्रगढ़ में हुई। यहां 163 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद सिरसा में 72.6 और चंडीगढ़ में 21.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। जिन जिलों को अलर्ट पर रखा गया है, उनमें मौसम विभाग ने बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने के आसार हैं।


सोमवार से एक्टिव हुआ मानसून
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हरियाणा में मानसून की गति धीमी पड़ गई थी। रविवार को मानसून के असर के कारण कुछ स्थानों पर ही बारिश दर्ज की गई। हालांकि, सोमवार से मानसून फिर से एक्टिव हो चुका है। दरअसल, मानसून की गतिविधियां मानसून टर्फ लाइन पर निर्भर करती हैं। यह जहां से भी गुजरती है, उसके दोनों ओर बारिश की गतिविधियां होती हैं।

हरियाणा में जून में 47त्न कम बारिश
हरियाणा में जून महीने में सामान्य से 47 प्रतिशत कम बारिश हुई। फरीदाबाद और पानीपत को छोड़कर सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई। जून में अंबाला और पंचकूला में सामान्य से 90 प्रतिशत कम बरसात हुई, यमुनानगर में सामान्य से 86 फीसदी कम बारिश हुई, कैथल और करनाल में 80 प्रतिशत कम बरसात हुई, चरखी दादरी में 76 फीसदी कम बरसात हुई, कुरुक्षेत्र में 68 प्रतिशत कम बरसात हुई, महेंद्रगढ़ में 58 फीसदी कम बारिश हुई।

हरियाणा के इन जिलों में अलर्ट
हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, यमुनानगर, सोनीपत और पानीपत में ऑरेंज अलर्ट है। जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में बारिश को लेकर यलो अलर्ट है।