24 घंटे के अंदर 16 प्रदेशों में आज होगी भारी बरसात-तूफान का भी अलर्ट, देखें मौसम की ताजा अपडेट
mahendra india news, new delhi
मौसम में आज शनिवार यानि 11 जून को बदलाव रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आंधी-तूफान और तेज बारिश का कहर पूरे देश को अगले 24 घंटे में अपनी चपेट में लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार को उत्तर भारत के कई इलाकों में गरज-चमक, 50-60 किमी/घंटा की तेज़ हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं अगले 5-7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बरसात (7 से 20 सेमी) होने के आसार हैं, जिससे जलभराव, यातायात बाधित होने और जनजीवन प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई है।
पहाड़ी राज्यों की यात्रा करने वाले लोग सतर्क रहें, क्योंकि कई क्षेत्रों में मौसम बिगडऩे की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जबकि पूर्वी बिहार से गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल तक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
आज 16 राज्यों में बारिश-आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग ने 11 जून को दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, यूपी, बिहार, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, तमिलनाडु और कर्नाटक समेत देश के 16 राज्यों में बरसात और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक कई इलाकों में 60 किमी/घंटा से अधिक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना है। खराब मौसम के चलते जनजीवन प्रभावित हो सकता है और किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है।