होमगार्ड के जवानों को भी सेवानिवृत्ति पर मिले आर्थिक सुरक्षा: चंद्रपाल तंवर

 

mahendra india news, new delhi
सिरसा। आॅल इंडिया होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रपाल तंवर ने एक प्रेस बयान में कहा कि हरियाणा होमगार्ड के जवान विभाग में 30 से 35 साल और काफी जवान इससे अधिक समय स्वयंसेवक के तौर पर अपनी सेवाएं गृह रक्षी विभाग, हरियाणा में दे चुके हैं। हजारों स्वयंसेवक अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इनको सेवानिवृत्ति के नाम पर मात्र 31000 रुपए दे दिए जाते हैं, जबकि वेलफेयर फंड के नाम पर फिलहाल 300 रुपये प्रत्येक जवान से काटे जा रहे हैं।


हरियाणा में करीब 12000 जवान है, इस हिसाब से लगभग एक महीने के 36 लाख रुपए और 1 साल के लगभग 4 करोड़ 32 लाख रुपए वेलफेयर के नाम पर काटे जाते हैं, जो कहां खर्च किए जाते हैं, इसका कोई हिसाब- किताब जवानों को नहीं दिया जाता। इसलिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से अपील की जाती है कि होमगार्ड जवान की सेवानिवृत्ति के समय 25 से 30 लाख रुपए दिए जाएं,

क्योंकि अपने जीवन के 30 से 35 वर्ष और अधिक भी  होमगार्ड विभाग को स्वयंसेवक के तौर पर प्रदान करता है और बुढ़ापे के लिए उसके पास कोई अतिरिक्त आय का साधन ऐसा नहीं बचता। चंद्रपाल तंवर ने आगे कहा कि होम गार्ड के जवानों को कोई पेंशन भी प्रदान नहीं की जाती, इसलिए सरकार को होमगार्ड जवानों की सेवानिवृत्ति पर आर्थिक सुरक्षा देना जरूरी है। फिलहाल होम गार्ड  जवानों को सेवानिवृत्ति पर मात्र 31000 रुपए दिए जाते हैं, जो कि होमगार्ड जवानों का आर्थिक शोषण है।