सन्त निरंकारी सत्संग स्थल चौटाला में आयोजित शिविर में सैकड़ों ने किया रक्तदान
mahendra india news, new delhi
सिरसा। सन्त निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा सन्त निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज एवं निरंकारी राजपिता के पावन आशीर्वाद से टोहाना जोन की चौटाला ब्रांच, जिला सिरसा के निरंकारी सत्संग स्थान पर सुबह 10 बजे से दोपहर 01 बजे तक जिला रेड क्रॉस सोसायटी सिरसा के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया गया। ब्लड बैंक सिविल अस्पताल, मंडी डबवाली से डा. हरसिमरत सिंह के मार्गदर्शन में शिविर में 100 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश कुमार वस्त्रकार, ज्ञान प्रचारक (इंदौर, मध्य प्रदेश) ने की। इस दौरान आयोजित सत्संग में उन्होंने नर सेवा नारायण पूजा का संदेश दिया और साथ ही बताया कि अध्यात्म से जुड़कर ही समाज कल्याण व मानव सेवा की भावनाएं हृदय में जागृत होती हैं। इस रक्तदान शिविर और सत्संग में इलाके के अनेकों धर्म प्रेमी सज्जनों एवं श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। गांव चौटाला से विधायक आदित्य देवीलाल की माता, सरपंच, नम्बरदार व अनेकों गणमान्य व्यक्ति इस शिविर में पहुंचे और निरंकारी मिशन द्वारा किए जा रहे इस कार्य की प्रशंसा की।
इस शिविर में मानव कल्याणार्थ चौटाला ब्रांच के साथ-साथ आस-पास की ब्रांचों ओढ़ा, लोहगढ़, अबूब शहर, कलांवाली एवं डबवाली के श्रद्धालु भक्तों एवं रक्तदाताओं का यहां पहुंचने पर स्वागत किया गया एवं लंगर भंडारे का भी आयोजन किया गया। जोनल इंचार्ज रमन नागपाल ने आई हुई सारी साध संगत का स्वागत किया और बताया निरंकारी मिशन की सिखलाई की इंसान का खून नाड़ियों में बहना चाहिए, नालियों में नहीं इस बात का सभी को पालन करना चाहिए । स्थानीय संयोजक जसपाल मोंगा एवं स्थानीय मुखी राजेन्द्र यादव ने सबका आभार प्रकट किया । इस कार्यक्रम में सभी सेवाओं को निरंकारी सेवादल द्वारा क्षेत्रीय संचालक सुरेन्द्र सिंह की देखरेख में बखूबी निभाया गया।
उल्लेखनीय है कि सन्त निरंकारी मिशन रक्तदान करने में समूचे देश में अग्रणी रहा है। मिशन द्वारा अभी तक लगभग 9 हजार से भी ज्यादा शिविरों के आयोजन से लगभग 15 लाख यूनिट रक्त एकत्रित किया जा चुका है।