बेजुबानों की सेवा का अवसर मिले तो दोनों हाथों से पकड़ लो: कपिल देव महाराज
mahendra india news, new delhi
सिरसा। श्री श्याम गौरक्षा दल मैमोरियल ट्रस्ट (डबवाली रोड, सिविल अस्पताल, बाईपास रोड, सिरसा) द्वारा आगामी 28 मार्च से 3 अप्रैल तक श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन श्री जयदेव-सहदेव जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान, समाजसेवी व परम गौभक्त ललित जैन ने सपरिवार कथा में पहुंचकर कथावाचक कपिल देव (ठाकुर जी) महाराज वृंदावन वाले से आशीर्वाद लिया।
कथावाचक कपिल देव महाराज ने गौसेवा के क्षेत्र में ललित जैन द्वारा किए जा रहे कार्यों व सहयोग की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गौ की सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है। उन्होंने कहा कि बेजुबानों की सेवा करने का जहां भी अवसर मिले, उसे दोनों हाथों से स्वीकारते हुए नि:स्वार्थ भाव से सहयोग करें। कथावाचक ने कहा कि सेवा का अवसर भी भगवान उसी को देते हैं, जो सेवा को भली भांति कर सकता है। ललित जैन ने कहा कि उनके दोनों गुर्दे खराब हो चुके थे और वो डायलासिस पर आ चुके थे।
लेकिन फिर परमात्मा का ऐसा चमत्कार हुआ और उनके चरण गौशाला में पड़े। इसके बाद गौसेवा की ऐसी लग्न लगी कि उन्होंने गौमाता का दर पकड़ लिया और आज वे गौमाता की कृपा से स्वस्थ व सुखी जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौमाता की सेवा कभी व्यर्थ नहीं जाती। वो कई गुणा खुशियों के रूप में हमें वापस लौटाती है। इसलिए गौसेवा का जहां भी अवसर मिले, मन-मन-धन से जरूर करें। इस मौके पर कथा आयोजन समिति की ओर से स्मृति चिन्ह देकर ललित जैन को सम्मानित किया गया।