13वें त्रिवेणी युवा महोत्सव में सीडीएलयू के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, 20 विधाओं में हासिल किए पुरस्कार
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में आयोजित 13वें त्रिवेणी युवा महोत्सव में यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट्स (यूटीडी) के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी बहुआयामी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक दक्षता का परिचय दिया। चार दिवसीय युवा महोत्सव में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक, संगीत, नृत्य, रंगमंच, साहित्यिक एवं ललित कला की विभिन्न प्रतियोगिताओं में कुल 20 विधाओं में पुरस्कार हासिल कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
इस उपलब्धि पर कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास विकसित करने और भारतीय कला एवं संस्कृति से जुड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। विश्वविद्यालय का प्रयास केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करना भी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों, विभागाध्यक्षों, संकाय सदस्यों तथा युवा कल्याण विभाग की पूरी टीम को इस शानदार सफलता के लिए बधाई दी और भविष्य में भी इसी उत्साह एवं समर्पण के साथ विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए युवा कल्याण निदेशक प्रो. मंजू नेहरा ने बताया कि इस महोत्सव में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने पांच विधाओं में प्रथम स्थान, आठ विधाओं में द्वितीय स्थान तथा सात विधाओं में तृतीय स्थान प्राप्त किया। विशेष रूप से सामान्य समूह नृत्य, हरियाणवी एकल नृत्य (महिला), अंग्रेजी भाषण, अंग्रेजी डिबेट और हिंदी वाद-विवाद में प्रथम स्थान प्राप्त करना विश्वविद्यालय के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि रही। सांस्कृतिक एवं लोक कला के क्षेत्र में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक शोभायात्रा में तृतीय स्थान, हरियाणवी समूह नृत्य में द्वितीय स्थान तथा हरियाणवी एकल नृत्य (पुरुष) में द्वितीय प्राप्त किया। क्रिएटिव कोरियोग्राफी में भी विद्यार्थियों ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
संगीत की विभिन्न विधाओं में शास्त्रीय गायन एकल में तृतीय, शास्त्रीय वाद्य संगीत (ताल वाद्य) में द्वितीय, शास्त्रीय वाद्य संगीत (गैर-ताल वाद्य) में द्वितीय, पश्चिमी गायन एकल में तृतीय, सामान्य लोकगीत एकल में तृतीय तथा कव्वाली में तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगमंच एवं अभिनय की विधाओं में भी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एकांकी में तृतीय, स्किट में द्वितीय, माइम में द्वितीय तथा मिमिक्री में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यार्थियों ने दर्शकों एवं निर्णायकों की सराहना हासिल की। ललित कला के अंतर्गत कार्टूनिंग प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। युवा कल्याण निदेशक प्रो. मंजू नेहरा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सुरेंद्र सिंह, कल्चरल कोऑर्डिनेटर प्रो. रणजीत कौर तथा ब्रह्मजीत सिंह ने कुलगुरु प्रो. विजय कुमार तथा कुलसचिव डॉ सुनील कुमार का प्रशासनिक सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि 13वें त्रिवेणी युवा महोत्सव का आयोजन 25 से 28 अक्टूबर 2026 तक 'युवा उमंग, संस्कृति के संग' थीम के तहत किया गया। इस महोत्सव में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय के शिक्षण विभागों के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि सीडीएलयू में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को दिए जा रहे महत्व को भी रेखांकित करती है।