बैरागी समाज के जिला प्रधान जयचंद बैरागी की अनूठी पहल, बेटों की शादी में 2.51 लाख रुपये ठुकराकर लिया सिर्फ 1 रुपया और नारियल
mahendra india news, new delhi
सामाजिक कुरीतियों और विवाह समारोहों में बढ़ते दिखावे के बीच बैरागी समाज के जिला प्रधान जयचंद बैरागी ने अपने बेटों की शादी में एक रुपया और नारियल स्वीकार कर समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनके इस सराहनीय कदम की समाज के लोगों में खूब प्रशंसा हो रही है। जयचंद बैरागी के बेटों प्रदीप और प्रवीन का विवाह राजस्थान के रावतसर में संपन्न हुआ।
वधु पक्ष की ओर से 2.51 लाख रुपए की राशि थाली में रखी गई, लेकिन जयचंद बैरागी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों को निभाते हुए लेन-देन और अनावश्यक खर्चों से दूरी बनाई तथा शगुन के रूप में केवल एक रुपया व नारियल स्वीकार किया। जयचंद बैरागी का यह कदम केवल एक पारिवारिक निर्णय नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने वाला संदेश है। आज के दौर में जहां विवाह समारोहों में लाखों रुपये खर्च करना, महंगे उपहार देना और सामाजिक प्रतिष्ठा के नाम पर दिखावा करना आम होता जा रहा है, वहीं उन्होंने सादगी को प्राथमिकता देकर एक सकारात्मक पहल की है।
उन्होंने यह संदेश दिया कि विवाह दो परिवारों के बीच प्रेम, विश्वास और आपसी सम्मान का रिश्ता है, इसे आर्थिक लेन-देन और प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं बनाना चाहिए। समाज में दहेज प्रथा और फिजूलखर्ची जैसी कुरीतियां आज भी अनेक परिवारों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। कई बार आर्थिक रूप से कमजोर परिवार सामाजिक दबाव के चलते कर्ज लेकर शादी-विवाह में अनावश्यक खर्च करने को मजबूर हो जाते हैं। ऐसे में समाज के जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों द्वारा स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करना बेहद महत्वपूर्ण है। जयचंद बैरागी ने अपने आचरण से यह साबित किया है कि सामाजिक बदलाव की शुरूआत अपने घर और परिवार से ही होती है।
उनकी इस पहल से विशेष रूप से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी कि वे विवाह जैसे मांगलिक अवसरों को सादगी, संस्कार और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं। एक रुपया और नारियल स्वीकार करने की यह परंपरा समाज में समानता और सम्मान की भावना को भी मजबूत करती है। इससे बेटियों के परिवार पर आर्थिक बोझ कम करने तथा विवाह को दिखावे से मुक्त रखने की सोच को बढ़ावा मिलता है। बैरागी समाज के जिला प्रधान जयचंद बैरागी की इस पहल को सामाजिक सरोकारों से जुड़ा एक सराहनीय कदम है। उनका यह उदाहरण अन्य सामाजिक संगठनों और परिवारों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। वास्तव में समाज में बदलाव केवल मंचों से दिए जाने वाले भाषणों से नहीं, बल्कि अपने जीवन में अच्छी परंपराओं को अपनाने से आता है। जयचंद बैरागी ने अपने बेटों के विवाह में सादगी अपनाकर इसी सोच को धरातल पर उतारने का प्रयास किया है।