नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव में ग्रामीणों ने युवक को नशीली गोलियों सहित पकड़कर किया पुलिस के हवाले
नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव दड़बा कलां में युवाओं को नशे से बचाने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी का उद्देश्य है कि गांव के बच्चों को नशे से बचाना व बाहर से या गांव के लोग जो नशा तस्करी का कार्य कर रहे हैं उन्हें पकड़कर प्रशासन के हवाले करना है।
इसी कड़ी में कमेटी के सदस्य प्रहलाद को सूचना मिली कि गांव के कुछ नौजवान लड़के नशा करते हुए मिले। उन्हें सख्ती से पूछने पर पता चला कि बच्चों को यह नशीली गोलियां नाथूसरी-चौपटा क्षेत्र के गांव हंजीरा निवासी युवक सप्लाई करता है। इस पर ग्रामीणों ने तस्करी करने वाले युवक को गांव में बुलाया जिसके कब्जे से करीब 5 पत्ते नशीली गोलियों के बरामद किये हैं। युवाओं ने मौके पर ही पुलिस को बुलाकर उनके हवाले कर दिया गया।
डोगवाल ने बताया कि हमारी कमेटी का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी के चिरागों को नशे की आंधी से बचाना है और जो भी नशा तस्करी का काम करेगा उन्हें पुलिस के हवाले किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस अपराधियों को अगर गिरफ्तार करके छोड़ देगी और वे दोबारा युवाओं को नशा परोसने का काम करेंगे तो हमारी कमेटी उन लोगों को पकड़कर अपने तरीके से सबक सिखाएगी। इस दौरान उपस्थित पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अपने साथ थाने में ले गई। पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जाएगी।