हरियाणा में पूर्व विधायक की फैक्टरी पर रात्रि के समय ताबड़तोड़ फायरिंग, खड़े ट्रक पर भी लगी गोलियां

 
mahendra india news, new delhi

हरियाणा की बड़ी खबरों में युमनानगर से हैं। जानकारी के अनुसार रादौर के जठलाना एरिया में स्थित इंडियन नेशनल लोकदल के पूर्व एमएलए दिलबाग सिंह की ट्रेनॉक्स लैमिनेट फैक्टरी पर सोमवार देर रात्रि अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इससे एरिया दहशत फैला दी। 


बताया जा रहा है कि हमलावरों ने फैक्टरी के मुख्य गेट को निशाना बनाते हुए करीब 8 राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान 2 गोलियां फैक्टरी परिसर के अंदर खड़े एक ट्रक के सामने भी लगीं। घटना देर रात्रि करीबन 11 बजे की है। उस वक्त फैक्टरी के गेट पर सिक्योरिटी रूम में कर्मचारी मौजूद थे। 


इसी दौरान दो युवक, जिन्होंने अपने चेहरे काले कपड़े से ढका हुआ था।  अचानक वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। अचानक की गई गोलीबारी की आवाज से मौके पर कर्मचारियों में भगदड़ मच गई और फैक्टरी में कार्य कर रहे मजदूरों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पता चला है कि हमलावरों ने लगातार कई राउंड फायर किए और इसके बाद मौके से भाग गये। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन जिस तरह से गोलियां फैक्टरी के अंदर तक पहुंचीं, उससे बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। 

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर सीआईए-1, सीआईए-2, थाना जठलाना पुलिस के अलावा जिला एसपी कमलदीप गोयल भी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से गोलियों के खाली खोल बरामद किए हैं और सारे एरिया को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फैक्टरी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आपसी रंजिश या डर फैलाने की मंशा से जुड़ा माना जा रहा है।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं। इस घटना के बाद फैक्टरी क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कर्मचारियों में अभी भी भय का माहौल बना हुआ है।