हरियाणा में घर जमाई ने पत्नी और सास पर दराती से किया जानलेवा हमला, 2 गंभीर रूप से घायल
हरियाणा की बड़ी खबरों में भिवानी से हैं। जहां पर घरेलू विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया। जानकारी के अनुसार घर जमाई ने अपनी पत्नी और सास पर दराती से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं, पत्नी व सास को उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना के बारे में सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू कर दी। घायल महिला सोनिया ने बताया कि उसका पति लंबे वक्त से शराब पीने का आदी है। इससे पहले भी कई बार उसके साथ मारपीट कर चुका है। उसका कहना है कि आरोपित भिवानी में घर जमाई बनकर रह रहा था, लेकिन हर दिन झगड़ा और हिंसा करता था।
पीडि़त सोनिया ने बताया कि वह अपनी मां और पति के साथ सेक्टर 13 के विकर सेक्शन में रहती है। इसके पति ने शनिवार शाम को अचानक उस पर और उसकी मां पर दराती से हमला किया। वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती। महिला ने बताया कि उनके दो छोटे बच्चे है। वहीं घायल महिला की मां संतोष ने आरोप लगाया कि उनका दामाद पहले भी कई बार घर में आकर विवाद और हमला कर चुका है। उन्होंने बताया कि आरोपित ई-रिक्शा में दराती लेकर आया और आते ही दोनों मां-बेटी पर जानलेवा हमला किया।
पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल दोनों घायल महिलाओं का जिला सामान्य अस्पताल में उपचार चल रहा है।